भजनलाल सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर प्रधानमंत्री ने जयपुर में की सभा
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि राजस्थान में बन रहा आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर वर्तमान और भावी पीढ़ी के लिए विकसित राजस्थान बनाने का संकल्प पूरा करेगा। संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चम्बल परियोजना राजस्थान को सुजलाम सुफलाम बनाने की परियोजना है। प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर मंगलवार को जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राजस्थान विकसित होगा, तो भारत भी तेजी से विकसित होगा। pm narendra modi attend rajasthan government first year celebration in jaipur
मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश और राजस्थान में हमारी सरकार बनने के बाद हुए संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल (एमपीकेसी) लिंक परियोजना से चंबल और इसकी सहायक नदियां पार्वती, कालीसिंध, कुनो, बनास, बाणगंगा, रूपरेल, गंभीरी और मेज का पानी आपस में जोड़ा जाएगा। इससे राजस्थान में विकास के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा। ताजेवाला से शेखावाटी के लिए पानी लाने के समझौते से भी हरियाणा और राजस्थान दोनों राज्यों को फायदा होगा।

राजस्थान की पूर्ववर्ती सरकार ने नौजवानों के साथ बहुत अन्याय किया था
प्रधानमंत्री ने कहा कि नौजवानों के साथ राजस्थान की पूर्ववर्ती सरकार ने बहुत अन्याय किया था। पेपरलीक और भर्तियों में घोटाला राजस्थान की पहचान बन चुकी थी। वर्तमान सरकार में इसकी जांच शुरु हुई और कई गिरफ्तारियां भी हुई। पूर्ववर्ती सरकार ने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को भी लटकाएं रखा।
आज का दिन प्रदेश के विकास के लिए अहम: सीएम भजनलाल
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज एक ही दिन में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का मार्ग प्रशस्त हुआ है। प्रदेश के विकास के लिए आज का दिन अहम है। 46 हजार करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण हुआ है। सीएम भजनलाल ने कहा कि संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चम्बल परियोजना से राजस्थान के 21 जिलों में रहने वाले लगभग सवा तीन करोड़ लोगों को पेयजल की उपलब्धता के साथ ही ढाई लाख़ हैक्टयर नये क्षेत्र में सिंचाई तथा डेढ़ लाख हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हेतु अतिरिक्त पानी की व्यवस्था हो सकेगी। इन जिलों में स्थापित होने वाले उद्योगों को भी आवश्यकता के अनुरूप पानी मिल सकेगा।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संशोधित पीकेसी लिंक परियोजना (एकीकृत ईआरसीपी) को लेकर कहा कि लंबे समय से इस योजना का विवाद न्यायालयों में चल रहा था, 20 वर्ष बीत जाने के बाद इसका समाधान हुआ है। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल सहित राजस्थान सरकार के कई मंत्री, प्रदेश स्तर के जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
इन परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास-लोकार्पण
46 हजार करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण हुआ है। इनमें रामगढ़ बैराज, महलपुर बैराज एवं जलसेतु (एक्वाडक्ट) सहित नवनेरा बैराज से बीसलपुर बांध तथा ईसरदा बांध में जल अपवर्तन तंत्र निर्माण। लूनी-समदड़ी-भीलड़ी रेलमार्ग, अजमेर-चंदेरिया (चित्तौडगढ़) रेलमार्ग एवं जयपुर-सवाई माधोपुर रेलमार्ग के दोहरीकरण कार्य का शिलान्यास और 6-लेन अमृतसर-जामनगर ग्रीनफील्ड इकोनॉमिक कॉरिडोर देवगढ़-राजस्थान/गुजरात सीमा (पैकेज 8) खण्ड का लोकार्पण काम भी शामिल है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


