अफवाह पर भीड़ के बीच खड़ी किसी महिला ने कहा हमें बॉडी दे दो.., तो गुस्साए कलेक्टर ने कहा बच्चा जिंदा है, क्या आप चाह रहे हो कि बच्चा चला जाए..? जो बॉडी मांग रहे हो.! उसके लिए प्रार्थना करो, नकारात्मक माहौल मत बनाओ
- शहर में बाजार खुले, पर रौनक त्योहार जैसी नहीं
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर के सरकारी स्कूल में सहपाठी के चाकू मारने से घायल हुए दसवीं के छात्र के मामले के तीसरे दिन रविवार को एमबी हॉस्पिटल में गहमागहमी का माहौल रहा। सुबह-सुबह बच्चे के बारे में फैली अफवाह के बाद मुखर्जी चौक पर भारी भीड़ इकट्ठी हो गयी। बच्चे की मां के पीछे कई महिलाएं और लोग जुलूस बनाकर निकलने लगे। मिश्रित आबादी वाले मुखर्जी चौक क्षेत्र में माहौल ज्यादा खराब होता, इससे पहले एसपी योगेश गोयल सहित अन्य पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ता ने स्थिति को नियंत्रित किया और समझाइश कर सभी को वापस भेजा। (udaipur student stabbing case update news)
इधर हॉस्पिटल में भी सुबह एक बार माहौल तनावपूर्ण हुआ, जहां कलेक्टर अरविंद पोसवाल ने मोर्चा संभाला। भीड़ के बीच खड़ी एक महिला ने कहा हमें बॉडी दे दो, इस पर गुस्साए कलेक्टर अरविंद पोसवाल ने महिला की झाड़ लगाते हुए कहा कि बच्चा जिंदा है, क्या आप चाह रहे हो कि बच्चा चला जाए., जो हमसे बॉडी मांग रहे हो.., ये क्या बॉडी-बॉडी कर रहे हो.., बच्चा जिंदा है।

बच्चे के लिए ईश्वर से प्रार्थना करें, नकारात्मक माहौल न बनाएं
कलेक्टर पोसवाल ने लोगों को समझाते हुए कहा कि उसका उपचार चल रहा है। परिजनों ने बच्चे को देखा है, परिजनों को कोई कंफ्यूजन हो गया था तो चिकित्सकों से भी परिजनों की मुलाकात करवा दी गयी है। कलेक्टर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि बच्चे का इलाज जारी है, आप सभी यहां पर बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना करें, अफवाहों पर नकारात्मक माहौल न बनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। udaipur student stabbing case update health condition critical treatment continuing

शहर में बाजार तो खुले, पर रौनक नहीं लौटी
नेटबंदी के बीच उदयपुर शहर में संवेदनशील क्षेत्रों को छोड़कर ज्यादातर बाजार खुल गए हैं, लेकिन बाजारों में त्योहार जैसी रौनक नहीं है। सोमवार को रक्षाबंधन है, इसके बावजूद मिठाई की दुकानों, राखी की दुकानों पर सामान्य दिनों की तरह न तो भीड़ नजर आयी, न ही रविवार होने के बावजूद पर्यटन स्थलों पर ज्यादा पर्यटक दिखे। शहर में बिगड़े माहौल, नेटबंदी के चलते ज्यादातर पर्यटक लौट गए हैं या उन्होंने बुकिंग कैंसिल करवा दी हैं।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


