पीहर पक्ष ने कलेक्ट्री के बाहर प्रदर्शन कर आईजी से न्याय की गुहार लगायी
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर की बेटी निधि पंचाल की डूंगरपुर में उसके ससुराल में हुई मौत मामले में आज गुरूवार को पीहर पक्ष ने उदयपुर कलेक्ट्री के बाहर धरना प्रदर्शन किया और बेटी को न्याय दिलाने की मांग कर आईजी अजयपाल लांबा को ज्ञापन सौंपा। इधर डूंगरपुर पुलिस निधि पंचाल की मौत के मामले में दहेज हत्या के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है। (dungarpur woman died dowry murder accused on in-laws)
डूंगरपुर एसपी मोनिका सेन ने बताया कि निधि पंचाल की मौत के मामले में आईपीसी की धारा 304बी (दहेज हत्या) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पीहर पक्ष के आज बयान हुए हैं। मामले में जल्द ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बेटी के जन्म से नाखुश थे ससुराल वाले
निधि पंचाल के पिता उदयपुर के सेक्टर 9 निवासी यशकुमार पंचाल ने बताया कि बेटी की 2020 में सामाजिक रीति-रिवाज से डूंगरपुर के निशांत पुत्र प्रकाश पंचाल से शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पति निशांत और ससुराल वाले आए दिन बेटी को दहेज की डिमांड को लेकर प्रताड़ित करने लगे। निधि ने एक बेटी को जन्म दिया, इस बात को लेकर भी ससुराल वाले नाखुश थे और बेटा नहीं होने के ताने मारते थे। स्थितियां यहां तक बिगड़ गयी थीं कि पति निशांत और ससुराल वालों ने बेटी निधि के साथ मारपीट भी शुरू कर दी थी। बेटी ने हमें कई बार इस बारे में बताया, हमने उसके ससुराल में कई बार इस बारे में बातचीत की और समझाइश की, ताकि बेटी का घर-परिवार बना रहे, लेकिन स्थितियां ठीक नहीं हुईं।
सोमवार रात डूंगरपुर में निधि के पड़ोसियों से सूचना मिली कि बेटी निधि को ससुराल वाले हॉस्पिटल लेकर गए हैं, वे लोग भी जल्द उदयपुर से डूंगरपुर पहुंच जाएं। मृतका के पिता यशकुमार ने बताया कि जब वे डूंगरपुर पहुंचे, बेटी की मौत हो चुकी थी। मृतका निधि ने उसकी सहेलियों और परिजनों को वाट्स-एप मैसेज कर उसकी व्यथा बतायी थी।
यह है कानूनी प्रावधान
गौरतलब है कि किसी महिला की शादी के 7 वर्ष के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होती है और पीहर पक्ष ससुराल पक्ष पर संदेह जाहिर करते हुए रिपोर्ट देता है तो कानूनी प्रावधान के तहत एफआईआर आईपीसी की धारा 304बी दहेज हत्या के आरोप में दर्ज की जाती है। ऐसे में निधि की मौत के मामले में भी एफआईआर दहेज हत्या के आरोप में दर्ज हुई है।
dungarpur woman died dowry murder accused on in-laws woman is from udaipur
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


