गृह विभाग के निर्देश पर संभागीय आयुक्त ने ली बैठक: अरावली की पहाड़ियों को अतिक्रमण मुक्त रखने टीम बनाकर कार्रवाई करने के दिये निर्देश
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज़)। अरावली की पहाड़ियों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए गृह विभाग के निर्देश पर गुरुवार को सम्भागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट ने सम्बंधित विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। save aravali hills in Udaipur
बैठक के दौरान चर्चा करते हुए संभागीय आयुक्त भट्ट ने अरावली की पहाडियों को नुकसान पहुंचाकर नियम विरुद्ध मकान, भूखंड व रिजॉर्ट आदि निर्माण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा शहर से सटी अरावली की पहाड़ियों के विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण को रोकने के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। साथ ही पहाड़ियों की अवैध कटाई में भूमाफियाओं के साथ सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों की मिलीभगत की जांच के निर्देश दिए हैं।
शहर व आसपास के क्षेत्र में टीमें जाएं और कार्यवाही करें
सम्भागीय आयुक्त भट्ट ने शहर व आसपास के विभिन्न इलाकों यथा उमरड़ा, कलड़वास, डाकन कोटड़ा, धोल की पाटी, तितरड़ी,ढीकली, सिसारमा, रघुनाथपुरा, हवाला, बड़ी, नाई, गोगुंदा, इसवाल, रामा, गोवर्धनविलास, बलीचा, टीड़ी, फांदा, कविता, बुझड़ा, सुखेर, झिरनिया, देबारी, कमलोद, पिंडवाड़ा हाइवे, लकड़वास, चीरवा, मोहनपुरा, अंबेरी तथा एकलिंगजी व उसके आसपास क्षेत्रों में टीमें बनाकर कार्रवाई करने तथा भूमाफियाओं के साथ सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों की संलिप्तता की जांच करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर जेसीबी आदि उपकरण काम में लिए जा रहे हैं, उन्हें जब्त करें, वहीं खान विभाग इन पर जुर्माना राशि वसूल करें।
रात को भी दबिश दें टीमें
उन्होंने कहा कि अरावली पहाड़ी क्षेत्र में बगैर अनुमति चल रही अवैध कॉलोनियों अथवा रिसोर्ट के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करें, साथ ही जहां की शिकायतें प्राप्त हुई है वहां मौका मुआयना कर वस्तुस्थिति की रिपोर्ट प्रेषित करवाए ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।
संभागीय आयुक्त ने राजस्व, यूडीए, खान विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा कार्यवाही की दृष्टि से रात्रिकालीन निगरानी दलों के गठन और कार्यवाही के भी निर्देश दिए।
बैठक के दौरान आईजी अजयपाल लांबा, जिला कलक्टर अरविंद कुमार पोसवाल, , यूडीए आयुक्त राहुल जैन, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सीआर देवासी समेत अन्य मौजूद रहे।


