श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान में मानसून आने से पहले दो तरह की स्थिति देखने को मिल रही है। कई जगह प्री-मानसून की बारिश हो रही है तो कहीं-कहीं अभी भी हीटवेव चलने से मानसून आने का इंतजार बढ़ता जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य में कहीं-कहीं बारिश हुई। चित्तौड़ के भैंसरोड़गढ़ में सर्वाधिक वर्षा 27 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है। राजस्थान में कहीं-कहीं हीटवेव दर्ज की गई है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री श्रीगंगानगर में दर्ज किया गया। आगामी 24 घंटों में राज्य के उत्तरी व पश्चिमी भागों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री दर्ज होने व कहीं- कहीं हीटवेव चलने की संभावना है
प्रदेश में कहीं कहीं आंधी- बारिश की संभावना
आज दोपहर बाद कोटा, जयपुर, भरतपुर, बीकानेर संभाग के उत्तरी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन, आंधी-बारिश की गतिविधियां होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में आगामी तीन दिन व पूर्वी राजस्थान में आगामी 4-5 दिन दोपहर बाद कहीं-कहीं आंधी बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है।


