उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में तीन महीने पहले एक महिला और उसके नवजात की दर्ज हुई गुमशुदगी का मामला हत्या में तब्दील हो गया है। पुलिस तीन महिने से जिस महिला और उसकी 12 दिन की बेटी को सब जगह तलाश रही थी, वह तो उसी के घर के पीछे खाली जमीन में दफन थी। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि महिला के पति ने की थी और हत्या के बाद वह सामान्य रूप से सभी के बीच घूम रहा था। (man killed his wife and new born daughter)
पुलिस ने महिला के पति की निशानदेही पर घर के पीछे जमीन की खुदाई की तो महिला और नवजात बेटी के कंकाल मिल गए। पुलिस ने दोनों के कंकाल का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करा दिया है।
पत्नी-नवजात बेटी की हत्या कर सामान्य तरीके से घूम रहा था आरोपी
डीएसपी गजेन्द्र सिंह ने बताया कि सायरा के पड़ोला फला निवासी पत्नी फूलकी बाई और 12 दिन की बेटी की हत्या के आरोप में दूदाराम गमेती को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने तीन महीने पहले फरवरी माह में फूलकी और 12 दिन की नवजात की गला दबाकर हत्या करना और घर के पीछे खाली जमीन में ही दोनों के शव दफना देना कबूला है।
कलेक्टर से परमीशन लेकर आरोपी की निशानदेही पर उस जगह पर खुदाई की गयी, जहां आरोपी ने फूलकी और उसकी बेटी को दफनाया था। कब्र से दोनों के कंकाल बरामद हुए हैं। फूलकी और उसकी नवजात बेटी की 29 फरवरी को थाने में गुमशुदगी दर्ज हुई थी। पुलिस ने बताया कि दूदाराम इतना शातिर है कि फूलकी की गुमशुदगी पर पुलिस ने प्राथमिक पूछताछ की तो वह पत्नी-बेटी के बारे में अनजान बना रहा, यहां तक कि तलाशने की बात कर सबको गुमराह करता रहा man killed his wife and new born daughter
पिता ने दर्ज करवायी थी बेटी-दोहिती की गुमशुदगी
पुलिस ने बताया कि दूदाराम शराब पीने का आदि है, इस कारण से आए दिन दूदाराम और उसकी पत्नी फूलकी बाई में झगड़े होते थे। फरवरी माह में एक दिन दूदाराम ने झगड़े के दौरान फूलकी बाई की गला दबाकर हत्या कर दी, दूदाराम पर हैवानियत इस कदर सवार थी कि उसने नवजात बेटी के रोने की आवाज सुनी तो उसकी भी हत्या कर दी। इसके बाद घर के पीछे खाली जमीन में दोनों के शव दफना दिए।
कुछ दिन से बात नहीं होने पर सायरा के सिंहाड़ा गांव निवासी फूलकी के पिता चेनाराम बेटी-दोहिती के मिलने उसके घर पहुंचे। वहां न तो फूलकी मिली और न ही उसकी नवजात बच्ची। चेनाराम ने दामाद दूदाराम से पूछा तो उसने ढंग से जवाब नहीं दिया। चेनाराम ने 29 फरवरी को बेटी फूलकी और दोहिती के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस फूलकी की तलाश कर रही थी, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा था। पड़ताल के दौरान पुलिस को दूदाराम पर संदेह हुआ। तीन दिन पहले पुलिस ने दूदाराम को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने पत्नी फूलकी और 12 दिन की नवजात बेटी की हत्या करना कबूल कर लिया।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


