तीनों युवक कुएं में गिरे पशुओं को बचाने उतरे थे
शाहपुरा,एआर लाइव न्यूज। भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र के आरणी गांव में सोमवार रात कुएं में उतरे दो भाईयों सहित तीन युवकों की जहरीली गैस से मौत हो गयी। तीनों युवक कुएं में गिरे मवेशी को बचाने का प्रयास कर रहे थे और इसी के चलते कुएं में एक के बाद एक उतरे और वापस नहीं आए। हादसा सोमवार रात बिना मुंडेर के कुएं का है। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से तीनों युवकों के शव कुएं से बाहर निकाले गए। (bhilwara news)
पुलिस ने बताया कि हादसे में धनराज (22) पुत्र रामेश्वर माली और दो भाई कमलेश (25) और शंकर (30) पुत्र हजारी माली की मौत हुई है। वहीं सुखदेव (18) पुत्र देवीलाल और बाल किशन (25) पुत्र मिट्ठू लाल जहरीली गैस की चपेट में आने से बेहोश हो गए थे। जिन्हें हॉस्पिटल भर्ती करवाया गया।
किसी को अंदाजा नहीं था कि कुएं में जहरीली गैस होगी
युवकों ने पुलिस को जानकारी दी कि सोमवार रात दो सांड लड़ते हुए बिना मुंडेर वाले करीब 40 फीट गहरे कुएं में गिर गए थे, इस कुएं में 10 फीट तक पानी भी है। दो पशुओं को गिरता देख आस-पास मौजूद युवकों सुखदेव, धनराज, शंकर, कमलेश ने इन्हें बचाने का प्रयास किया। मौके पर जेसीबी लेकर आए और कुएं में गिरे पशुओं को निकालने लगे। युवकों के प्रयास से एक सांड तो बाहर निकल गया, लेकिन दूसरा कुएं के अंदर ही फंसा था।
इस दूसरे सांड को देखने और निकालने के लिए सबसे पहले सुखदेव जेसीबी की मदद से खुद को बांधकर कुएं में अंदर उतरा। कुएं में जहरीली गैस होने से सुखेदव बेहोश हो गया, लेकिन बेहोश होने से पहले उसने चीखते हु साथियों को आवाज लगाई। सुखदेव की आवाज सुनकर साथियों ने रस्सी खींचकर उसे बाहर निकाल लिया। सुखदेव बेहोश था तो वह अंदर के हालात के बारे में दोस्तों को नहीं बता सका।
पहले को देखने दूसरा उतरा, दूसरे को बचाने तीसरा उतरा, तीनों कुएं के अंदर ही बेहोश हो गए
सुखदेव को बाहर निकालकर धनराज कुएं में उतरा और अंदर बेहोश हो गया। कुछ देर जब धनराज बाहर नहीं निकला तो उसे देखने के लिए शंकर कुएं में उतर गया। शंकर भी कुएं में जाते ही बेहोश हो गया, तब शंकर का भाई कमलेश कुएं के बाहर खड़ा था। भाई को बचाने के लिए कमलेश भी कुएं में उतर गया और वो भी कुएं में ही बेहोश हो गया।
इस दौरान कुछ ग्रामीण भी मौके पर इकट्ठा हो गए, लेकिन किसी को अंदर का माजरा समझ नहीं आ रहा था। इस पर ग्रामीणों ने किशन को रस्सी से बांधकर कुएं में उतारा, किशन भी बेहोश हो गया, यह देखकर ग्रामीणों ने उसे तत्काल बाहर निकाल लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस और रेस्क्यू टीम को सूचना दी। रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों की मदद से कुएं में अंदर बेहोश हुए तीनों युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


