- udaipur lok sabha election 2024 : 3152 वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजनों ने होम वोटिंग का विकल्प चुना है
- वरिष्ठ नागरिक व दिव्यांगजनों को घर बैठे मिली मतदान की सुविधा
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर होम वोटिंग शुरू हो चुकी है। सोमवार को मतदान दल पथरीले, दुर्गम रास्ते और जंगलों से गुजरते हुए होम वोटिंग कराने बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं के घर पहुंचे। जन-जन की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मतदान दल 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक और 40% से अधिक विकलांगता वाले दिव्यांगजनों के घर पहुंचे, जिसके बाद बुजुर्ग और दिव्यांगजनों ने मतदान किया। बुजुर्गों ने मतदान दल को धन्यवाद देते हुए कहा कि वे खुश है कि जीवन के इस पड़ाव में लोकतंत्र के उत्सव में मतदान कर हिस्सा ले सके। (udaipur lok sabha election 2024)
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने बताया कि बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए घर बैठे मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए होम वोटिंग शुरू की गई है। उदयपुर संसदीय क्षेत्र के गोगुन्दा, झाडोल, खेरवाड़ा, उदयपुर ग्रामीण, उदयपुर, सलूम्बर, डूंगरपुर जिले के आसपुर तथा प्रतापगढ़ जिले के धरियावाद तथा चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र में शामिल मावली और वल्लभनगर क्षेत्र में होम वोटिंग का प्रथम चरण शुरू हुआ है। उदयपुर संसदीय क्षेत्र में कुल 3152 वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजनों ने होम वोटिंग का विकल्प चुना है। इनसे मतदान कराने के लिए 70 टीमें आवंटित विधानसभा क्षेत्रों में कार्यरत हैं।

गर्मी में 5 किलोमीटर पैदल चलकर 91 वर्षीय महिला के घर पहुंचा मतदान दल
गोगुन्दा विधानसभा के उखलियात क्षेत्र में मतदान दल पीठासीन अधिकारी प्रताप सिंह चूण्डावत, एमओ जीवन सिंह राव, देवीलाल एवं बीएलओ राजाराम गरासिया के साथ गर्मी में जंगल के बीच पथरीली सड़क से होते हुए करीब 5 किलोमीटर पैदल चलकर 91 वर्षीय राजी बाई के घर पहुंचे। गोपनीयता के साथ राजी बाई ने मतदान किया। मतदान कर पाने की खुशी राजी बाई के चेहरे से झलक रही थी। राजी बाई ने मतदान दल को धन्यवाद दिया। इसी प्रकार झाडोल क्षेत्र में मतदान दल पहाड़ी क्षेत्र में करीब एक किलोमीटर तक पैदल चढ़ाई कर दिव्यांग मतदाता अनाडू के घर पहुंचा और मतदान कराया।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने बताया कि होम वोटिंग का पहला चरण 21 अप्रैल तक चलेगा। पहली विजिट में अनुपस्थित पाए गए मतदाताओं का दूसरे चरण 22 से 23 अप्रैल में मतदान कराया जाएगा। दोनों ही बार अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित मतदाता मतदान से वंचित रहेंगे।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


