- गुमशुदा की तलाश में सबसे खराब स्थिति प्रदेश के इन 8 थानों की, इनमें उदयपुर, डूंगरपुर के थाने भी
- 2023 में डूंगरपुर के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र से 78 लोग गुमशुदा हुए, इनमें 59 लोग अब भी लापता ही हैं।
लकी जैन, उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। किसी व्यक्ति का गुमशुदा या लापता होना पढ़ने-सुनने में लोगों को सामान्य सा लगने लगा है, लेकिन इसका दर्द सिर्फ वही परिवार समझ सकता है, जिस परिवार का प्रियजन लापता या गुमशुदा हुआ हो। वह परिवार हर दिन प्रियजन के मिलने उम्मीद लेकर उठता है और हर दिन उसकी उम्मीद टूटती है। प्रदेश के 18754 परिवार ऐसे हैं जिनकी पांच वर्षों से हर दिन उम्मीद टूट रही है और उनके लापता प्रियजन पांच वर्षों से लापता ही हैं। इन 18754 परिवारों को यह तक नहीं पता कि उनके प्रियजन के साथ क्या हुआ था, वे कहां होंगे, वे जीवित भी होंगे या नहीं। (missing person in rajasthan)
पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान में 1 जनवरी 2019 से 31 दिसंबर 2023 के बीच पांच वर्षों में 1 लाख 15 हजार 650 लोग गुमशुदा हुए थे, इनमें ज्यादातर लोगों का तो पता चल गया, लेकिन आज भी 18754 नागरिक गुमशुदा ही हैं और इनका पुलिस को कोई पता नहीं चल सका। खासबात है कि पांच वर्षों से लापता ये लोग बालिग हैं, इनमें कोई नाबालिक नहीं हैं।
गुमशुदा की तलाश में सबसे खराब स्थिति प्रदेश के इन 8 थानों की, इनमें उदयपुर, डूंगरपुर के थाने भी
प्रदेश में जीआरपी मिलाकर कुल 4271 थाने हैं, इनमें गुमशुदा हुए लोगों की तलाश में सबसे खराब स्थित जयपुर, उदयपुर और डूंगरपुर के कुछ थानों की है। सिर्फ 2023 में लापता हुए लोगों के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो जयपुर, उदयपुर और डूंगरपुर के 8 थाने ऐसे हैं जहां लापता लोगों के मिलने का प्रतिशत 50 प्रतिशत भी नहीं है। मतलब जितने गुम हुए उनमें 50 प्रतिशत लोगों का पता ही नहीं चल सका। इनकी गुमशुदगी जितनी पुरानी होती जाएगी, इनके मिलने की उम्मीद उतनी ही कम होती जाएगी।
आंकड़ों के अनुसार 2023 में जयपुर के मानसरोवर थाना क्षेत्र से 118 लोग गुमशुदा हुए, इनमें 60 लोगों का आज भी कुछ पता नहीं चल सका, वहीं जयपुर के ही मुहाना थाना क्षेत्र से गुमशुदा हुए 169 लोगों में 82 आज भी लापता हैं, सांगानेर सदर थाना क्षेत्र से 85 गुम हुए लोगों में 58 आज भी लापता हैं। 2023 में डूंगरपुर के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र से 78 लोग गुमशुदा हुए, इनमें 59 लोग अब भी गुमशुदा ही हैं। वहीं उदयपुर जिले की, यहां 2023 में 111 लोग लापता हुए, इनमें 54 आज भी लापता ही हैं, वहीं सुखेर में 86 गुमशुदा में 54 लोगों का कुछ पता नहीं चल सका।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


