मरीज सकते में ये हो क्या रहा है
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर के कुराबड़ में सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC) पर औचक निरीक्षण करने पहुंचे सीएमएचओ डॉ. एसएच बामनिया और सीएचसी डॉक्टर मुकेश अटल के बीच जमकर बहसबाजी और कहासुनी हो गयी। नौबत यहां तक पहुंच गयी कि दोनों ने एक-दूसरे को थप्पड़ जड़ने की धमकी तक दे डाली। (udaipur cmho surprise inspection)
अधिकारी स्तर के दो चिकित्सकों के बीच हुई ऐसी कहासुनी देख मरीज भी सकते में आ गए, कि यह क्या हो रहा है। इस घटनाक्रम का वीडियो भी वायरल हो रहा है। घटनाक्रम के अनुसार सीएमएचओ सुबह सीएचसी कुराबड़ औचक निरीक्षण पर पहुंचे थे। इसी दौरान उनके बीच कहासुनी हुई।
मैं पेशेंट देख रहा था, तभी सीएमएचओ आए और मुझे कुर्सी से उठा दिया
ड्यूटी डॉक्टर मुकेश अटल ने बताया वे यहां सुबह लेपर्ड के हमले में घायल एक पेशेंट को देख रहे थे। इसी दौरान सुबह साढ़े 9 बजे उदयपुर सीएमएचओ डॉ.शंकर बामनिया पहुंचे। उन्होंने मुझे कुर्सी से उठा दिया और खुद वहां बैठ गए। इस दौरान उन्होंने पेशेंट को भी डांट कर भगा दिया। अटल ने बताया वो काफी समय से मुझे परेशान कर रहे हैं। उन्होंने मेरी पत्नी बीसीएमओ निधि यादव का ट्रांसफर गिर्वा से जोधपुर करा दिया था। डॉक्टर अटल ने घटनाक्रम से संबंधित एक वीडियो बनाकर जारी किया है।
निरीक्षण में कई खामियां पायी गयीं, उच्चाधिकारियों से शिकायत करूंगा
सीएमएचओ डॉ. एसएच बामनिया ने भी अपना पक्ष रखते हुए एक वीडियो जारी किया है। जिसमें सीएमएचओ ने बताया कि वे जब निरीक्षण करने सीएचसी पहुंचा तो डॉ. अटल ने मुझे कुर्सी नहीं दी। मैंने उन्हें कहा आप मरीज देखो मैं यहां बैठा हूं। इतने में वह भड़क गए और वीडियो बनाने लगे। मैं तो पास वाली कुर्सी पर बैठा था। उन्होंने मेरे साथ अभद्रता की और बदतमीजी की है।
निरीक्षण में कई खामियां पायी गयी हैं, सीएचसी पर करीब 35 ऐसे मरीज ऐसे थे, जिनकी बीपी-शुगर तक चेक नहीं की गयी थी। स्टाफ यूनिफॉर्म में नहीं था और बायोमेट्रिक भी काम नहीं कर रही थी। सभी जगह गंदगी पसरी थी। पूरे घटनाक्रम और सीएचसी के हालात के बारे में उच्चाधिकारियों से शिकायत करूंगा।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


