उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। दुनिया में साइंस कितना ही आगे क्यों न चला जाए, लेकिन समाज के लोग अब भी अंधविश्वासी हैं और इसी अंध-विश्वास का फायदा उठाते हैं ठग। उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र निवासी एक परिवार ऐसी ही एक ठगी का शिकार हुआ है। परिवार में बेटी के इलाज के लिए ठग ने तंत्र विद्या करने के बहाने पीड़ित परिवार से 19 तोला सोने, 400 ग्राम चांदी के जेवर और 70 हजार रूपए हड़प लिए।
प्रतापनगर थानाधिकारी हिमांशु सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की रिपोर्ट पर ठग कांकरोली, राजसमंद निवासी रूपेश सुथार पुत्र गुलाब सुथार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने हिरणमगरी क्षेत्र में भी दो परिवारों को इसी प्रकार ठगी का शिकार बनाया है और उनसे भी लाखों के जेवर-नगदी ठगे हैं और हिरणमगरी थाने में दर्ज हुए उन दो मामलों में वांछित है। आरोपी की गिरफ्तारी में हेडकांस्टेबल भारत सिंह की विशेष भूमिका रही।
शुद्धिकरण करने के बहाने पीड़ित परिवार से जेवर लेकर लेकर हुआ रफूचक्कर
पुलिस ने बताया कि बेड़वास निवासी भंवरलाल भाटी ने थाने पर रिपोर्ट दी थी कि उरकी पुत्री लंबे समय से बीमार चल रही थी, जिसके चलते वे पुत्री को उसके ससुराल से ले आए। इस दौरान वे रूपेश सुथार के संपर्क में आए, जो स्वयं को तंत्र मंत्र व जादू टोने का अच्छा जानकार बताता है। रूपेश ने बताया कि बेटी के इलाज के लिए तंत्र विद्या करनी होगी। बुरी प्रेत आत्मा का साया है। पुरे परिवार और घर का शुद्धिकरण करना होगा।
शुद्धिकरण करने के लिए रूपेश ने भंवरलाल से उसकी बेटी के सभी मांगे। पीड़ित ने बेटी के 19 तोले सोने, 400 ग्राम चांदी के जेवर दे दिए। इसके अलावा रूपेश ने भंवरलाल से शुद्धिकरण पूजा करने के नाम पर 70 हजार रूपए भी वसूल लिए और कहा जेवर एक महीने में शुद्धिकरण कर वापस लौटा दूंगा। इसके बाद रूपेश ने पीड़ित भंवरलाल से कोई संपर्क नहीं किया। जब भंवरलाल जेवर लेने रूपेश के घर गया तो वह नहीं मिला। रूपेश से जेवर मांगे तो वह टालमटोल करने लगा और जेवर नहीं लौटाए।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


