लोकतंत्र सेनानियों की पेंशन होगी बहाल, RAS परीक्षा की तिथि बढ़ाने का निर्णय हुआ
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में मंत्रिपरिषद की पहली बैठक हुई। बैठक में निवर्तमान सरकार द्वारा विगत 6 माह में लिए गए प्रशासनिक निर्णयों एवं आचार संहिता लागू रहने के दौरान किए गए फैसलों की समीक्षा करने और इसके लिए समिति गठित करने का निर्णय लिया गया।(rajasthan government cabinet first meeting)
बैठक में राजस्थान लोकतंत्र सेनानी सम्मान निधि-2008 को बहाल करने का निर्णय लिया गया। सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा पूर्ववर्ती राज्य सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया था। योजना के फिर से शुरू होने से देश में आपातकाल लगने पर लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेल जाने वाले लोकतंत्र सेनानियों को फिर से पेंशन मिल सकेगी। इस निर्णय के तहत लोकतंत्र सेनानियों को 20 हजार रूपये मासिक पेंशन तथा 4 हजार रूपये की मासिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएंगी।
संकल्प पत्र को नीतिगत दस्तावेज का दर्जा
मंत्रिपरिषद की बैठक में विधानसभा चुनाव-2023 में भाजपा के संकल्प पत्र को राज्य सरकार के नीतिगत दस्तावेज के रूप में स्वीकृति प्रदान की गई। संकल्प पत्र के क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेषाधिकारी की नियुक्ति का निर्णय लिया गया।
बैठक में राज्य सरकार की 100 दिवसीय कार्य योजना पर व्यापक प्रस्तुतीकरण दिया गया एवं सविस्तार चर्चा की गई। साथ ही राज्य सरकार के प्रथम 30 दिवस की प्रमुख उपलब्धियों के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। बैठक में RAS परीक्षा की तिथि बढ़ाने का निर्णय हुआ. अब RAS परीक्षा जून या जुलाई में होगी। बैठक में गेहूं की फसल पर एमएसपी आदि जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुददों पर चर्चा की गई।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

