जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि अवैध खनन, विशेषकर बजरी खनन, की रोकथाम राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई से ही प्रदेश में हो रहे अवैध खनन पर लगाम लगेगी। मुख्यमंत्री कार्यालय में खान एवं भूविज्ञान विभाग की हुई समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए सीएम भजनलाल ने अधिकारियों को अवैध खनन की रोकथाम (rajasthan mining mafia) के लिए अभियान चलाकर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा पुलिस, जिला प्रशासन, वन विभाग, परिवहन विभाग तथा खान विभाग 5 दिवसीय संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई करें।
सीएम भजनलाल शर्मा ने भविष्य में अवैध खनन की रोकथाम सुनिश्चित कराने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक टास्क फोर्स गठित कर नियमित बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब सख्ती से कानून की पालना सुनिश्चित होगी, तभी अवैध खनन करने वालों में भय पैदा होगा। सीएम शर्मा ने संयुक्त अभियान के लिए कलक्टर स्तर पर संयुक्त टास्क फोर्स गठित कर अवैध खनन पर नकेल कसने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन पर निगरानी रखने के लिए ड्रोन तथा अन्य आधुनिक तकनीक की मदद ली जाए।
अवैध खनन पर लगेगा अंकुशए वैध खनन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रदेशभर में खनन कार्य नियमों के अनुरूप ही हो, ताकि अवैध खनन पर अंकुश लगे और वैध खनन को बढ़ावा मिले। उन्होंने नियमित रूप से खनन पट्टों की नीलामी के भी निर्देश दिए। उन्होंने खान विभाग के अधिकारियों को अवैध खनन के संबंध में नियमित रिपोर्ट प्रेषित करने तथा इस संबंध में पिछले 10 दिनों में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक यूआर साहू, अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह आनन्द कुमार, सचिव खान विभाग आनन्दी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। संभागीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस आयुक्त, मुख्य वन संरक्षक, जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक, खनिज अभियंता, आरटीओ सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


