वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पैंथर भागकर पहाड़ी पर चढ़ा और ओझल हो गया
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर में फतहसागर झील के पास घनी आबादी क्षेत्र देवाली में शनिवार सुबह पैंथर को देख क्षेत्रवासियों की सांसे अटक गयी। सुबह कॉलोनीवासी जब सड़कों पर निकले तो पैंथर को देखकर क्षेत्र में दहशत का माहौल हो गया। कुछ ही देर में पैंथर को देखने बड़ी संख्या में भीड़ भी इकट्ठी हो गयी।(panther movement in residential colony)
सूचना पर वन विभाग के सीसीएफ वाइल्ड लाइफ आरके जैन, डीएफओ अरूण डी, डीएफओ अजय चित्तौड़ा ट्रेंकुलाइज टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भीड़ को अंबामाता थानाधिकारी हनुवंत सिंह की टीम ने नियंत्रित किया। वन विभाग की टीम ने बड़े ही टेक्नीकल तरीके से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद पैंथर करीब तीन घंटे में खुद पहाड़ी पर चढ़कर भाग गया।
पैंथर के सिटी की तरफ आने के रास्ते पर खड़ी हो गयी ट्रेंकुलाइज टीम
सीसीएफ वाइल्ड लाइफ आरके जैन ने बताया कि आबादी क्षेत्र में पैंथर आने की सूचना पूरी टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन करीब तीन घंटे चला। भीड़ को पुलिस ने नियंत्रित किया। वन विभाग की टीम ने पैंथर रेस्क्यू के लिए तकनीकी रूप से योजना बनाई। जिसके तहत हमारी कोशिश रही कि पैंथर सिटी की तरफ न आकर, पहाड़ी और जंगल की तरफ जाए। पैंथर के सिटी की तरफ आने के रास्ते पर ट्रेंकुलाइज टीम खड़ी हो गयी।
हमारी योजना के अनुसार पैंथर सिटी की तरफ नहीं आया और नेचुरल तरीके से रास्ता देखकर पहाड़ी पर चढ़कर भाग गया। अगर वह सिटी की तरफ आता तो उसे टीम ट्रेंकुलाइज कर पकड़ती। कई बार पैंथर भोजन की तलाश में डॉग का शिकार करने के लिए पहाड़ी से नीचे आ जाते हैं, आज सुबह पैंथर नीचे आ तो गया, लेकिन रास्ता नहीं मिलने से आबादी क्षेत्र में फंस गया।

तीन घंटे रहा दहशत का माहौल
देवाली के आबादी क्षेत्र में पैंथर करीब तीन घंटे तक मौजूद रहा। पैंथर को बाड़े और मकानों के पास देख लोगों में दहशत का माहौल रहा। लोग पैंथर को देखने छतों और बालकनी पर चढ़ गए। लोगों की भीड़ देखकर पैंथर आरएससीईआरटी के पास झाड़ियों में छुप गया। रेस्क्यू टीम पैंथर के सिटी की तरफ आने के रास्ते पर खड़ी हो गयी। इसके बाद पैंथर झाड़ियों से निकला और पहाड़ी पर चढ़कर भाग गया। रेस्क्यू ऑपरेशन करीब तीन घंटे चला, तब तक क्षेत्रवासियों की सांसे अटकी रहीं।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


