दो उप मुख्यमंत्री को भी राज्यपाल ने दिलायी शपथ
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान के नए मुख्यमंत्री के रूप में भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को जयपुर में शपथ ली (rajasthan cm oath ceremony)। राज्यपाल कलराज मिश्र ने दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को उप मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
पहली बार विधायक बने भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार दोपहर 1.04 बजे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में राजस्थान के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राज्यपाल कलराज मिश्र ने सांगानेर से भाजपा विधायक भजनलाल शर्मा को राजस्थान के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

आज भजनलाल शर्मा का जन्म दिन भी है
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आज जन्म दिन भी है। सीएम पद की शपथ लेने से पहले भजनलाल शर्मा ने जयपुर के गोविंद देव मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की और फिर घर पर अपने माता-पिता के पैर धोकर उनसे आशीर्वाद लिया। संत मृदुल कृष्ण से भी आशीर्वाद लिया। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सीएमओ में संभाला पदभार
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को शपथ ग्रहण करने के बाद शाम को शासन सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना करते हुए पदभार संभाला। मुख्यमंत्री शर्मा ने शासन सचिवालय स्थित श्री गणेश मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश में खुशहाली और सुख समृद्धि के लिए कामना की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेम चंद बैरवा, भाजपा के प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, मुख्य सचिव उषा शर्मा सहित कई केन्द्रीय मंत्री और विधायक मौजूद थे।
अब मंत्रीमंडल का इंतजार
मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह के बाद अब राज्य की जनता को मंत्रीमंडल गठन का इंतजार है। मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री जयपुर के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से हैं। ऐसे में अब इंतजार इस बात का है कि प्रदेश के मारवाड़, मेवाड़ और शेखावटी क्षेत्र से किन जनप्रतिनिधियों को मंत्रीमंडल में जगह मिलेगी।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


