राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 : मावली में सर्वाधिक मतदान
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान विधानसभा चुनाव में प्रदेश की 200 में से 199 सीटों पर शनिवार को मतदान प्रक्रिया के शुरूआती दौर में ही मतदाताओं में उत्साह नजर आ गया। सुबह की ठंड के बावजूद कई मतदान केंद्रों पर शुरूआती समय में ही मतदाताओं की कतारें लगी रही, इसमें महिला मतदाताओं की संख्या भी आशानुरूप दिखी। (rajasthan election voting percentage)
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार उदयपुर जिला निवार्चन क्षेत्र में आठ विधानसभा सीटों पर आज दोपहर 1 बजे तक औसत 37.60 प्रतिशत मतदान हो चुका है। अब तक गोगुंदा में 32.1 प्रतिशत, झाड़ोल 37.35, खेरवाड़ा 39.7 प्रतिशत, उदयपुर ग्रामीण 37.74, उदयपुर शहर 36.4, मावली 41.42, वल्लभनगर 36.42 और सलूंबर में 39.5 प्रतिशत मतदान हो चुका है। दोपहर 1 बजे तक राजस्थान में औसत 40.27 प्रतिशत मतदान हुआ है।
पहले दो घंटों में आठ विधानसभा सीटों पर कुल 9.04 प्रतिशत मतदान हुआ
सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ और पहले दो घंटों में उदयपुर निर्वाचन क्षेत्र की आठ विधानसभा सीटों पर कुल 9.04 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें सबसे अधिक 11.3 प्रतिशत मतदान गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र में रहा जबकि उदयपुर शहर में मतदान प्रतिशत 10.3 प्रतिशत रहा। शुरूआती दो घंटों में सलूंबर में सबसे कम 7 प्रतिशत मतदान हुआ।

11 बजे तक 21.7 प्रतिशत मतदान हुआ
जिले में सुबह 11 बजे तक मतदान प्रतिशत का आंकड़ा बढ़कर 21.7 प्रतिशत पर पहुंचा। इसमें उदयपुर ग्रामीण में सबसे अधिक 23.82 प्रतिशत मतदान हुआ। शहर में 22.5 प्रतिशत जबकि खेरवाड़ा में सबसे कम 19 प्रतिशत मतदान हुआ। उदयपुर शहर में असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, शहर के प्रथम नागरिक मेयर जीएस टांक के साथ ही कई प्रशासनिक अधिकारियों और प्रत्याशी भी समय निकाल कर मतदान करने पहुंचे। मतदान केंद्रों पर महिलाओं में उत्साह ज्यादा नजर आ रहा है। बड़ी संख्या में युवा मतदाता भी सुबह के समय कतार में खड़े नजर आए जो कि पहली बार वोट डाल रहे है।
मेवाड़ में दोपहर 1 बजे तक औसत मतदान की स्थिति
- उदयपुर : 37.60 प्रतिशत
- राजसमंद : 39.91 प्रतिशत
- चित्तौड़ : 40.96 प्रतिशत
- प्रतापगढ़ : 43.45 प्रतिशत
- बांसवाड़ा : 42.44 प्रतिशत
- डूंगरपुर : 38.73 प्रतिशत

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


