यूडीए व नगर निगम ने शहर को सजाया
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। दीपावली पर उदयपुर शहर रोशनी से नहाया हुआ है। इस बार हमारा शहर रोशनी के पूर्व पर और ज्यादा खूबसूरत नजर आ रहा है। शहर में दीपावली पर रोशनी तो कई वर्षाें से होती आ रही है, लेकिन इस बार शाम होते ही नजारा कुछ खास नजर आ रहा है। प्रमुख चौराहों के साथ ही पूरे शहर में करीब 15 से 20 किलोमीटर लंबाई में लाइटिंग की गई है। (Deepawali Lighting in udaipur)
प्रति वर्ष शहर में दीपावली सजावट पर 15 से 20 लाख रूपए खर्च होते थे, वहीं इस बार करीब 2 करोड़ का बजट प्रस्तावित किया गया है। कलेक्टर अरविंद पोसवाल के सुझाव पर उदयपुर विकास प्राधिकरण और नगर निगम की टीम ने शहर में रोशनी की है।
दीपावली पर रोशनी से सराबोर उदयपुर, वीडियो में देखें :-
झील किनारे और सभी ऐतिहासिक दरवाजों पर भी हुई रोशनी

उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) द्वारा फतहसागर की पाल पर दोनों साइड पेड़ पर हाईलाइटर लाइटस् ए झालर एवं पाल पर बनी छतरियों पर एलईडी रोप लाइट से रोशनी की गई है। इसके अलावा फतहसागर किनारे भी आकर्षक सजावट की गई है। शहर 15 नवंबर तक रोशनी से जगमगाता रहेगा। नगर निगम ने शहर में स्थित सभी ऐतिहासिक दरवाजों पर भी आकर्षक रोशनी की गई है। पिछोला के घाटों पर भी रोशनी की गई है।

पुरस्कार मिलेगा
जिला कलक्टर के सुझाव पर इस बार स्वागत द्वार सजावट प्रतियोगिता भी रखी गई है। शहर के प्रमुख टेन्ट व्यवसायियों को नगर निगम की ओर से स्थल आवंटित किए गए हैं। आवंटित स्थलों पर संबंधित टेन्ट प्रतिष्ठान अपने स्तर पर भव्य एवं आकर्षक स्वागत द्वार लगाकर सजावट कर रहे हैं। स्वागत द्वार सजावट में प्रथम विजेता को 71 हजार एवं द्वितीय को 51 हजार रूपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

अंदरूनी शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में किया बदलाव
दीपावली पर्व पर आमजन की सुविधा को देखते हुए यातायात पुलिस ने अंदरूनी शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। रूप चौदस और दीपावली पर्व के दौरान भटियानी चौहट्टा महालक्ष्मी मंदिर दर्शन व्यवस्था को लेकर रंग निवास की तरफ से जगदीश चौक तक और जगदीश चौक से रंग निवास तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।



