झाड़ोल सीट से विधायक के टिकट की दौड़ में थे आईएएस तारा चंद मीणा
देवेंद्र शर्मा,उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। आईएएस अधिकारी एवं वर्तमान में उदयपुर में जनजाति आयुक्त के पद पर कार्यरत ताराचंद मीणा भले ही “मिशन कोटड़ा” के नाम पर अवार्ड लेने में सफल रहे हो, लेकिन तमाम दांव पेच के बावजूद विधानसभा चुनाव में उनका “मिशन टिकट” सफल नहीं हो पाया।(mission kotra tara chand meena)
उदयपुर के कलेक्टर रहते हुए मिशन कोटड़ा के नाम दिन रात एक करने वाले ताराचंद मीणा पिछले कई दिनों से विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से टिकट लाने के लिए भी दमखम से लगे हुए थे। वे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी संपर्क बनाए हुए थे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनका मिशन टिकट सफल नहीं हो पाया।
ताराचंद मीणा की पहली पसंद झाड़ोल सीट थी और कुछ सुगबुगाहट उदयपुर ग्रामीण सीट को लेकर भी थी, लेकिन तमाम कयासों और ताराचंद मीणा की दौड़ भाग को एक तरफ रखते हुए कांग्रेस ने झाड़ोल से हीरालाल दरांगी को टिकट देकर ताराचंद मीणा के मिशन टिकट पर विराम लगा दिया है। जानकारी अनुसार ताराचंद मीणा झाड़ोल सीट को अपने लिए सुरक्षित चुनावी मैदान मान रहे थे। इसलिए इस सीट पर उनका पूरा फोकस भी था। कोटड़ा क्षेत्र का बड़ा हिस्सा झाड़ोल विधानसभा क्षेत्र के अंदर आता है।

सुगबुगाहट तो मिशन कोटड़ा के समय ही शुरू हो चुकी थी
ताराचंद मीणा ने उदयपुर के कलेक्टर रहते हुए मिशन कोटड़ा के तहत उल्लेखनीय काम करने पर राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर अवार्ड भी प्राप्त किए। मीणा ने जब यह मिशन कोटड़ा शुरू किया तभी राजनीतिक और प्रशासनिक हल्के में अंदर ही अंदर ये कयास भी लगने शुरू हो गए थे कि ताराचंद मीणा इस मिशन कोटड़ा की नाव में सवार होकर कहीं न कहीं आदिवासी क्षेत्र में अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहे है। मिशन कोटड़ा के तहत ताराचंद मीणा ने कोटड़ा में आदि महोत्सव के रूप में बड़ा कार्यक्रम भी करवाया था।

बड़ा आश्वासन मिलने की अटकले लग रही
जानकारों के अनुसार ताराचंद मीणा को झाड़ोल से टिकट तो नहीं मिला, लेकिन बड़ा आश्वासन मिला है कि प्रदेश में फिर से कांग्रेस की सरकार बनती है तो उनको किसी आयोग में शामिल किया जा सकता है। अटकले तो यह भी लगनी शुरू हो गई है कि मीणा को लोकसभा चुनाव में किसी सीट से कांग्रेस से मौका मिल सकता है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


