लूट की नियत से हत्या की आशंका : दोनों सगी बहने घर में अकेली रहती थी
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र की पॉश एरिया नवरतन कॉम्पलैक्स की डायमंड कॉलोनी स्थित घर में दिनदहाड़े दो बुजुर्ग महिलाओं की हत्या कर दी गयी है। लूट की नियत से हत्या की आशंका जताई जा रही है (two old lady sisters murder in udaipur)। दोनों महिलाएं 80 वर्षीय हुसैना पत्नी याह्या अली और 75 वर्षीय सारा सगी बहने थीं। दोनों बोहरा समुदाय की थीं और घर में अकेली रहती थीं।
विजयदशमी की छुट्टी के बाद शुक्रवार शाम जब चौकीदार घर पहुंचा तो दोनों वृद्धाओं की हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस ने शव मोरचरी में रखवा दिए हैं। शुक्रवार देर रात तक पुलिस जांच में जुटी रही। आज शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद स्थिति ज्यादा स्पष्ट हो सकेगी। दोनों वृद्ध महिलाओं के सिर पर गहरी चोट है, ऐसे में संदेह है कि हत्या सिर पर वारकर की गयी है।
एडि.एसपी लोकेन्द्र दादरवाल, डीएसपी चांदमल सिंगारिया सहित थाने का जाब्ता और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। मौके पर हत्या के सुराग के लिए डॉग स्कॉयड भी बुलाया गया है। एफएसएल टीम ने घर के अंदर सभी संभावित स्थानों से सैंपल लिए। हत्या की सूचना जैसे ही क्षेत्र और बोहरा समुदाय में फैली, वृद्धाओं के रिश्तेदार सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग वहां इकट्ठे हो गए। दिनदहाड़े इस तरह घर के अंदर घुसकर हुई हत्या से लोगों में दहशत का माहौल है।
पहली मंजिल के कमरे में पड़े मिले शव
पुलिस ने बताया कि नवरतन कॉम्पलैक्स के डायमंड कॉलोनी निवासी हुसैना (80) पत्नी याह्या अली घर में अकेली रहती थीं, वहीं इनकी बहन 75 वर्षीय सारा हाथीपोल क्षेत्र की रहने वाली हैं। हुसैना का बेटा दिल्ली में रहता है। ऐसे में सारा अक्सर बहन हुसैना से मिलने उनके घर आती थीं और उनके साथ ही रहती थीं। वहीं इनके घर पर तैनात एक चौकीदार गत दिनों नवरात्रि और विजयदशमी के चलते छुट्टी पर गया हुआ था। ऐसे में आज वारदात के समय दोनों बहनें घर पर बिलकुल अकेली थीं।
छुट्टी खत्म होने पर आज शुक्रवार शाम 5.30 चौकीदार ड्यूटी पर घर लौटा तो उसने घर के ग्राउंड फ्लोर पर कारपेट से धुआं निकलते हुए देखा। उसने कारपेट की आग बुझाई और दोनों महिलाओं को आवाज दी। कोई जवाब नहीं मिलने पर चौकीदार पहली मंजिल स्थित कमरे में गया, तो वहां दोनों महिलाओं के शव पड़े हुए थे।
क्या बदमाशों को पता था कि वृद्ध महिलाएं घर पर अकेली हैं
हत्या के आरोपियों का सुराग ढूंढने के लिए पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है। वहीं अन्य तकनीकी संसाधनों से भी जांच जारी है। इधर पुलिस चौकीदार से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस को संदेह है कि बदमाशों को दोनों वृद्ध महिलाओं के घर में अकेले होने की जानकारी थी, ऐसे में पुलिस पूरे दिन में किसी भी काम से घर तक आने वाले हर शख्स से पूछताछ करेगी।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं। सभी खबरों को एआर लाइव न्यूज के फेसबुक पेज https://www.facebook.com/arlivenews पर देखें


