दूसरी पार्टी में जाने को लेकर पारस बोले मेरे लिए सभी रास्ते खुले
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। विधानसभा चुनाव में उदयपुर शहर से ताराचंद जैन को टिकट मिलने से खफा उप महापौर पारस सिंघवी अब सड़कों पर उतर आए है। सिंघवी ने सोमवार को टाउनहॉल से जगदीश चौक तक स्वाभिमान रैली कर अपना विरोध और तेज कर दिया। लेकिन पुलिस ने रैली की परमीशन नहीं होने की बात कहकर आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए इसे बड़ा बाजार में ही रोक लिया।
इस दौरान पुलिस पर भी सवाल उठे। पारस सिंघवी समर्थकों के साथ स्वाभिमान रैली निकालते हुए सुबह टाउन हॉल से रवाना हुए और सूरजपोल, अस्थल मंदिर, मुखर्जी चौक से बड़ा बाजार पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को आचार संहिता के उल्लंघन की याद आयी। पुलिस ने कहा रैली बिना परमीशन के निकाली गयी, इसलिए रास्ते में रोका गया। पुलिस ने लाठी फटकारते हुए रैली में समर्थकों को तितर-बितर किया। इस दौरान पारस सिंघवी, उनके समर्थकों की पुलिस से हल्की-फुल्की झड़प भी हुई। हालां कि इसके बाद पारस सिंघवी, उनके परिवारजन और सीमित समर्थक ही जगदीश मंदिर तक पहुंचे और दर्शन किए।
पारस सिंघवी ने पुलिस के इस रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि रैली निकालने के संबंध में सुबह ही प्रशासन को लेटर दे दिया गया था, तब प्रशासन ने मौखिक रूप से कहा था कि लेटर की जरूरत नहीं है। प्रशासन की अनुमति से ही स्वाभिमान रैली निकाली गयी है। रैली को बीच रास्ते रोकने का प्रयास करना गलत है।

हर रास्ता खुला है और जहां प्रभु बुलाएंगे वहां मैं जाऊंगा
अन्य पार्टी में शामिल होने के सवाल पर सिंघवी ने कहा कि पार्टी यदि निर्णय नहीं बदलेगी तो मुझे मेरे मित्रों के साथ, उदयपुर की जनता और मेरे सभी समाज के लोगों के साथ बैठकर निर्णय लेने पर विवश होना पड़ेगा। मेरे लिए सभी द्वार खुले है। मैंने यह नहीं कहा कि कांग्रेस में जा रहा हूं। इतना जरूर कह रहा हूं कि मेरे लिए सभी द्वारा खुले हुए है। मैं किसी एक व्यक्ति के साथ बंधा हुआ व्यक्ति नहीं हूं। अगर स्वाभिमान से जीना है, तो हर रास्ता खुला है और जहां प्रभु बुलाएंगे वहां मैं जाऊंगा। सिंघवी ने कहा कि एक व्यक्ति के दबाव में ताराचंद जैन को टिकट देने का विरोध है।

टाउनहॉल से निकले तब पुलिस कहां थी?
स्वाभिमान रैली टाउनहॉल से रवाना होकर बड़ा बाजार क्षेत्र में पहुंची तो यहां पुलिस अधिकारियों ने आचार संहिता का हवाला देते हुए रैली को रोक दिया। काफी देर तक यहां गहमा गहमी का माहौल बना रहा। इस दौरान पुलिस ने सिंघवी समर्थकों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया। पुलिस ने आचार संहिता का हवाला देते हुए स्वाभिमान रैली को बड़ा बाजार में रोक दिया, लेकिन यहां सवाल यह उठता है कि रैली टाउनहॉल से रवाना हुई तब पुलिस कहां थी। टाउनहॉल से रवाना होकर रैली सूरजपोल, अस्थल तिराहा, मुखर्जी चौक होते हुए बड़ा बाजार पहुंच गई। तब जाकर पुलिस को आचार संहिता याद आयी।

डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


