- ग्रीनलाइन के साथ 180 एलएनजी वाहनों के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर
- आयन एक्सचेंज (इंडिया) लिमिटेड के सहयोग से 4 हजार केएलडी जीरो लिक्विड डिस्चार्ज प्लांट के पहले चरण का उद्घाटन
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। वेदांता समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक ने दो अभिनव और नवाचार पहलों की शुरूआत की है, जो अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से पर्यावरण प्रबंधन के प्रति एक महत्वपूर्ण कदम है। हिंदुस्तान जिंक ने 180 एलएनजी वाहनों के लिए एस्सार समूह की सहायक कंपनी ग्रीनलाइन से अनुबंध किया है। हिन्दुस्तान जिंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण मिश्रा एवं ग्रीनलाइन के सीईओ आनंद मिमानी ने हस्ताक्षर के साथ अनुबंध की दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी हुई।
वहीं दूसरे महत्वपूर्ण पहल के तहत कंपनी ने जावर माइंस में आयन एक्सचेंज (इंडिया) लिमिटेड के सहयोग से जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (जेडएलडी) प्लांट के पहले चरण का उद्घाटन किया है। जेडएलडी प्लांट की क्षमता 4,000 केएलडी है जो उन्नत तकनीक का उपयोग कर जल संरक्षण में मदद करेगा। प्लांट के प्रथम चरण का उद्घाटन हिन्दुस्तान जिंक मुख्यकार्यकारी अधिकारी अरुण मिश्रा और आयन एक्सचेंज (इंडिया) लिमिटेड के अध्यक्ष, अजय पोपट द्वारा किया गया।
पर्यावरण प्रबंधन में ऐसे महत्वपूर्ण हैं ये दोनों निर्णय
हिन्दुस्तान जिंक मुख्यकार्यकारी अधिकारी अरुण मिश्रा ने बताया कि 180 एलएनजी वाहनों के साथ हिंदुस्तान जिंक पारंपरिक डीजल वाहनों की तुलना में इंटर यूनिट परिवहन और तैयार माल परिवहन में अपने कार्बन फुटप्रिन्ट को 30 प्रतिशत तक कम कर देगा। ये वाहन स्कोप 3 उत्सर्जन में कमी लाने और ध्वनि को कम करने में योगदान देंगे, जो एक सतत जागरूक संचालन के दर्शन के साथ संरेखित होगा।
जेडएलडी प्लांट जल पुनर्प्राप्ति की सुविधा प्रदान करेगा, यह कंपनी के शून्य अपशिष्ट और शून्य निर्वहन के दृष्टिकोण की प्रतिबद्धता की ओर महत्वपूर्ण कदम है। जावर माइंस में जेडएलडी प्लांट के परिणामस्वरूप शुद्ध जल पर निर्भरता में कमी आई है, जो 2025 तक 5 गुना वाटर पॉजिटिव बनने के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
कंपनी को धातु और खनन क्षेत्र के तहत एसएंडपी ग्लोबल कॉरपोरेट सस्टेनेबिलिटी असेसमेंट 2022 में वैश्विक स्तर पर तीसरा और एशिया प्रशांत क्षेत्र में पहला स्थान दिया गया है। पर्यावरण, सामाजिक और शासन के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को एसएंडपी ग्लोबल सस्टेनेबिलिटी ईयरबुक, सीएपी 2.0, सीडीपी, एसएंडपी ग्लोबल प्लैट्स अवार्ड्स, ग्रीनको सर्टिफिकेशन, सीआईआई नेशनल 5एस एक्सीलेंस अवार्ड, भामाशाह अवार्ड और कई अन्य द्वारा मान्यता दी गई है।


