25 डीपी से चोरी किया तांबा व 1200 किलोग्राम लोहे स्टील का स्क्रैप बरामद
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। प्रतापनगर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने घरों, फैक्ट्रियों से सामान और ट्रांसफार्मर डीपी से तांबा चोरी करने वाली अंतर्राज्जीय गैंग के 5 बदमाशों को पकड़कर 106 वारदातों का खुलासा किया है (udaipur police bust theft gang)। गिरोह ने उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा में चोरी की वारदातें करना कबूला है। पुलिस ने अब तक आरोपियों से 1200 किलो लोहे, स्टील का स्क्रैप और 25 ट्रांसफार्मर डीपी से चोरी किया गया तांबा बरामद किया है।
एसपी भुवण भूषण यादव ने बताया कि आसींद भीलवाड़ा निवासी रोशन लाल 45 पुत्र सुरजमल, डबोक उदयपु निवासी प्रेमलाल 32 पुत्र गेहरीलाल, फतेह सिंह 35 पुत्र भंवरलाल, शान्तिलाल 32 पुत्र भवरलाल कालबेलिया और नाथद्वारा निवासी सोहन नाथ चौहान 30 पुत्र जीवननाथ को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से कब्जे से एक पिकअप गाड़ी भी जब्त की गयी है, जिसका उपयोग आरोपी चोरी का सामान लाने-ले जाने में करते थे। आरोपियों के कब्जे से 1200 किलो लोहे-स्टील का स्क्रैप और 25 डीपी से चोरी किया तांबा बरामद किया है।

नाकाबंदी में धरा गया गिरोह
एडि.एसपी मंजीत सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय से एक ऐसे गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिली थी जो ग्रामीण क्षेत्रों के दूर-दराज सुनसान इलाकों में लगे ट्रांसफार्मर की डीपी से तांबा, फैक्ट्रियों से लोहे-स्टील का स्क्रैप और घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर-नकदी चोरी करता है। इस पर प्रतापनगर थानाधिकारी हिमांशु सिंह और डीएसटी प्रभारी देवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गिरोह के बदमाशों की तलाश शुरू की। पता चला कि गिरोह के बदमाश एक गुजरात नंबर पिकअप का उपयोग करते हैं।
पुलिस ने मुखबीर से सूचना मिली कि चोर गिरोह के बदमाश डबोक से उदयपुर की तरफ आ रहे हैं। इस पर थानाधिकारी हिमांशु सिंह ने नाकाबंदी की। जैसे ही संदिग्ध पिकअप नजर आई, पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। आरोपियों ने गाड़ी भगाने का प्रयास किया, इस पर पुलिस ने घेरा डालकर गाड़ी रूकवायी। पिकअप गाड़ी में पांच बदमाश बैठे हुए थे और चोरी का स्क्रैप भरा हुआ था। जहां सभी को गिरफ्तार किया गया। बदमाशों ने 106 चोरी करना कबूला है। गिरोह के कुछ बदमाश गुजरात के है, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
ये वारदातें कबूलीं
उदयपुर, चितौडगढ़, राजसमन्द और भीलवाडा में करीब 80 डीपी से कॉपर चोरी, 20 मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण व नकदी और 16 कबाड़ के गोदामों में से लोहे-स्टील का स्क्रैप चोरी करना कबूला है।
कार्यवाही करने वाली टीम : प्रतापनगर थानाधिकारी हिमांशु सिंह, डीएसटी प्रभारी देवेन्द्र सिंह, हेडकांस्टेबल विक्रम सिंह, सुनील विश्नोई, धर्मेन्द्र, मनमोहन सिंह, योगेश, सुखदेव सिंह, भारत सिंह और कांस्टेबल नारायण लाल, नागेन्द्र सिंह, धनराज, रामस्वरूप, रविन्द्र सिंह, उपेन्द्र सिंह, करतार सिंह, रामनिवास, सीताराम, अनिल पुनियां, उत्कर्ष और साइबर सेल के लोकेश रायकवाल की गिरोह के खुलासे में मुख्य भूमिका रही है।


