मेवाड़ में जारी रहेगी बारिश की गतिविधियां
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। आज 25 सितंबर को जैसलमेर, बाड़मेर के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई(Withdrawal of southwest monsoon 2023) शुरू हो चुकी है। आम तौर पर दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से मानसून की विदाई 17 सितंबर शुरू होती है। इस साल मानसून ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान से 5 दिन देरी से यानी 25 जून 2023 को राजस्थान में प्रवेश किया था।
मौसम विभाग ने सोमवार दोपहर को दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से मानसून के विदा होने की घोषणा की है। मौसम विभाग ने पहले ही यह पूर्वानुमान जारी कर दिया था कि राजस्थान के कुछ हिस्सों से 25 सितंबर को मानसून की विदाई शुरू हो सकती है। यह पूर्वानुमान सटीक निकला। हालांकि उदयपुर संभाग सहित प्रदेश के कई जगह अभी भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। उदयपुर में सोमवार को सुबह से ही बादलों की मौजूदगी बनी हुई है।

उदयपुर संभाग सहित कई क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ बारिश की प्रबल संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आज उदयपुर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर व कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ बारिश की प्रबल संभावना है। 26 सितंबर को भी उदयपुर, बीकानेर संभाग, जयपुर, अजमेर व कोटा के कुछ भागों में हल्के से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 27 सितंबर से अगले तीन-चार दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


