न दोस्त है, न रकीब है, ये शहर कितना अजीब है…दिल्ली-मुंबई जैसा एकाकीपन उदयपुर में कब आ गया
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भूपालपुरा थाना क्षेत्र के जोधपुर डेयरी के पास स्थित मेवाड़ कॉम्पलैस के फ्लैट में शुक्रवार रात युवती की 7 से 8 दिन पुरानी लाश मिलने के घटनाक्रम ने सामाजिक स्तर पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे केस दिल्ली-मुंबई जैसे मेट्रो सिटी में तो सुने जाते थे, लेकिन उदयपुर जैसे शहर में इस तरह के केस का होना विचलित कर देने वाला है। जहां किसी के होने या नहीं होने से किसी को फर्क नहीं पड़ता। हर व्यक्ति शोर में अकेला है। सवाल बस इतना ही है कि कोई इतना अकेला कैसे हो सकता है.?
थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि मेवाड़ कॉम्पलैक्स के एक फ्लैट में तेजस्वेता (उम्र 37) पुत्री जगदीश शर्मा का शव मिला है। लाश करीब 7 से 8 दिन पुरानी होने से काफी डिकंपोज हो गयी थी। मौके से सुसाइड जैसे कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं और उसके घर और कमरे का दरवाजा भी अंदर से बंद था, ऐसे में इस बात की भी संभावना नहीं है कि उसे किसी ने मारा हो। शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द किया गया है। विसरा सैंपल भी लिए गए हैं। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
एक ही शहर में परिजनों से अलग अकेली रह रही थी युवती
पुलिस ने बताया कि यह फ्लैट युवति के पिता का है और वह इस फ्लैट में पिछले दो-ढाई वर्ष से अकेली रह रही थी। जबकि पूरा परिवार हीतावाला कॉम्पलैक्स में रहता है। दो-ढाई साल पहले यूपीएससी की तैयारी के लिए दिल्ली गयी थी। जब चयन नहीं हुआ तो दिल्ली से उदयपुर लौट आयी थी। वैचारिक मतभेद और मनमुटाव के चलते युवती की उसके माता-पिता से बातचीत तक नहीं थी और वह फ्लैट में अकेली रहती थी।
पड़ोसियों से पता चला कि फ्लैट पर युवती के अलावा कोई भी आता-जाता नहीं था। यहां तक कि कोई दोस्त या सहेली का भी फ्लैट पर आना-जाना नहीं था। उसकी पड़ोसियों से भी ज्यादा बातचीत नहीं होती थी। बाहर आती-जाती कम थी और कोई काम भी नहीं करती थी। पिता द्वारा बैंक में जमा कराए रूपयों से उसका जीवन-यापन होता था।
संदेह है कि युवती बीमार हो गयी होगी या नींद में बिस्तर से नीचे गिर गयी होगी या किसी अन्य कारण से बेहोश हो गयी होगी और इसी दौरान उचित उपचार नहीं मिलने से उसकी मौत हो गयी। उसकी किसी से बातचीत नहीं होने और लंबे समय से फ्लैट में अकेली रहने से किसी को उसकी मौत का पता नहीं चला। जब बदबू उठी तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


