2018 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर के टीडी थाने के बाहर हाईवे पर मंगलवार सुबह करीब 10 बजे नाकाबंदी के दौरान कांस्टेबल राजकुमार मीणा को तेज गति में आ रहे ट्रक ने कुचल दिया है। हादसे में कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं ट्रक ड्राइवर वाहन को घटनास्थल से थोड़ी दूर छोड़ कर फरार हो गया है। मूलतः सिंगटवाड़ा सराड़ा निवासी कांस्टेबल राजकुमार मीणा (24) पुत्र दाड़मा जी पिछले एक वर्ष से टीडी थाने में तैनात थे और 2018 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे।
एडि.एसपी अंजना सुखवाल ने बताया कि एसपी साहब के निर्देशानुसार सभी थाना क्षेत्रों में सुबह नाकाबंदी की जा रही थी। इसी के तहत टीडी थाने के बाहर हाईवे पर पुलिस जाब्ता ने नाकाबंदी की थी। सुबह करीब 10 बजे पुलिस जाब्ते ने तेज स्पीड में आ रहे एक ट्रक को रोकने का प्रयास किया, इस दौरान ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका और नाकाबंदी तोड़कर कांस्टेबल राजकुमार मीणा को कुचलते हुए भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन चालक ट्रक हाईवे पर छोड़कर जंगलों में फरार हो गया है। हादसे में कांस्टेबल राजकुमार मीणा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस अधिकारी और परिजन मोरचरी पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इधर ट्रक चालक की तलाश में पुलिस टीमें जंगल में जगह-जगह दबिश दे रही हैं।

परिवार का एकलौता सहारा थे राजकुमार
जानकारी में आया है कि 24 वर्षीय राजकुमार 2018 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे। उनके परिवार में पत्नी, दो छोटे बच्चे और माता-पिता है। परिवार का इकलौता सहारा थे राजकुमार। सुबह अचानक परिजनों को राजकुमार की हादसे में मौत की सूचना मिली तो कोहराम कच गया। वहीं कांस्टेबल की मौत से पुलिस विभाग में शोक है।


