मंदिर से दर्शन कर गोगुंदा से उदयपुर की तरफ लौट रहे थे बाइक और स्कूटी सवार चचेरे भाई
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। बड़गांव थाना क्षेत्र में इसवाल हाईवे पर बरोड़िया चौकी के पास गोगुंदा से उदयपुर की ओर आ रहा अनियंत्रित कैमिकल टैंकर स्कूटी और बाइक सवारों और दो गायों को चपेट में लेते हुए पलट गया (accident in udaipur)। हादसे में स्कूटी सवार उदयपुर शहर के मोतीमगरी स्कीम निवासी ओमप्रकाश 40 पुत्र मांगीलाल और टैंकर चालक बाड़मेर निवासी गेनाराम 20 पुत्र उदाराम प्रजापत की मौत हो गयी है। वहीं हादसे में बाइक सवार दंपत्ति मोतीमगरी स्कीम निवासी संजय पुत्र नक्षत्रलाल तेली और पत्नी निर्मला घायल हैं। मृतक ओमप्रकाश घायल संजय का चचेरा भाई था।
हादसे की सूचना पर थानाधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित, एएसआई रोशन सिंह, खुमाण सिंह मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। टैंकर पलटने और उसमें भरे साबुन बनाने के कैमिकल के सड़क पर फैलने से हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दो क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा कर जाम खुलवाया और यातायात सुचारू किया। टैंकर की चपेट में आने से एक गाय की भी मौत हुई है।

हादसे में टैंकर केबिन सहित अन्य वाहनों के परखच्चे उड़ गए
एएसआई रोशन सिंह ने बताया कि टैंकर में साबुन बनाने का कैमिकल भरा हुआ था। वहीं स्कूटी सवार ओम प्रकाश चचेरे भाई संजय और भाभी निर्मला के साथ मंदिर गए थे। ओमप्रकाश स्कूटी पर था, तो संजय पत्नी के साथ बाइक पर थे। ये मंदिर से दर्शन कर उदयपुर लौट रहे थे, तभी टैंकर गोगुंदा से उदयपुर की तरफ इसवाल हाईवे पर बरोड़िया चौकी के पास अनियंत्रित हो गया। चालक ने टैंकर को नियंत्रित करने का प्रयास किया, इस दौरान टैंकर ने ओमप्रकाश और संजय की बाइक, स्कूटी और सड़क किनारे चल रही दो गायों को चपेट में लिया और पलट गया।
हादसे में स्कूटी, बाइक सहित टैंकर के केबिन के परखच्चे उड़ गए। इससे टैंकर चालक गेनाराम की मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं स्कूटी सवार ओमप्रकाश ने एमबी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाइक सवार दंपत्ति संजय-निर्मला का पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


