सांवलिया सेठ मंदिर में 35 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण
चित्तौड़गढ़/ उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरूवार शाम को चित्तौड़ से उदयपुर पहुंचे। चित्तौड़ दौरे के दौरान गहलोत ने सांवलिया सेठ मंदिर में 35 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण करने के साथ ही विभिन्न जिलों में 108 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया।
सीएम गहलोत ने चित्तौड़गढ के नरबदिया में सर्व समाज सनातन चातुर्मास विकास समिति और अमरा भगत सेवा संस्थान द्वारा आयोजित श्री अमरा भगतजी के 181वें जन्मोत्सव तथा चातुर्मास कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों में 143 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण भी किया।

अनगढ़ बावजी मंदिर क्षेत्र परिसर में 25000 वर्ग फीट का डोम बनाने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत समाज ने विश्व को शांति, सद्भाव और एकता का संदेश दिया। अनगढ़ धाम पर बन रहे श्री अमरा भगत जी के पैनोरमा के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को संतों के उच्च सिद्धांतों और अहिंसा के मौलिक धर्म की सीख मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अनगढ़ बावजी मंदिर क्षेत्र परिसर में 25000 वर्ग फीट का डोम बनाने, मंदिर मार्ग को चौड़ा करने और लाइटिंग के कार्य सांवलिया सेठ मंदिर ट्रस्ट के माध्यम से करवाने और पटवार मंडल सावा को उप तहसील बनाने की घोषणा भी की।

रात्रि विश्राम उदयपुर में करेंगे
इससे पहले गहलोत ने श्रीअमरा भगत की धूणी, अनगढ़ बावजी मन्दिर में दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली और मानव कल्याण के लिए प्रार्थना की। उन्होंने स्वामी अवधेश चैतन्य ब्रह्चारी जी महाराज (सूरजकुंड) के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। गहलोत ने आश्रम में संतों से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सांवलिया सेठ के दर्शन कर प्रदेश वासियों की खुशहाली की कामना भी की। चित्तौड़ से रवाना होकर मुख्यमंत्री देर शाम उदयपुर पहुंचे। वे रात्रि विश्राम उदयपुर में करेंगे।

डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


