जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम राजस्थान स्टेट गैस ने अपने सदस्यों को 65 लाख रुपये का लाभांश दिया है।
एसीएस एवं चेयरपर्सन आरएसजीएल वीनू गुप्ता की उपस्थिति में एमडी रणवीर सिंह ने आरएसएमएम की सब्सिडरी आरएसपीएल का 32 लाख 50 हजार रुपये का चैक एमडी आरएसएसएम संदेश नायक को भेंट किया। 32 लाख 50 हजार रुपये का दूसरा चैक गैल गैस को दिया गया। एसीएस माइंस वीनू गुप्ता ने बताया कि राजस्थान स्टेट गैस ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान 88 करोड़ 05 लाख रुपये का सालाना कारोबार करते हुए 8 करोड़ 83 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है।
विपरीत परिस्थितियों के बावजूद आरएसजीएल ने अच्छे वित्तीय परिणाम दिए
गुप्ता ने बताया कि प्राकृतिक गैस व पेट्रोल उत्पादों के भाव बढ़ने जैसी विपरीत परिस्थितियों के बावजूद आरएसजीएल ने अच्छे वित्तीय परिणाम दिए हैं। ऑनलाईन व्यवस्था होने से अब सीएनजी स्टेशनों पर गैस की उपलब्धता व वितरण व्यवस्था में उल्लेखनीय बदलाव आया है।
राजस्थान स्टेट गैस लि. के प्रबंध संचालक रणवीर सिंह ने बताया कि कोटा में औद्योगिक और वाहनों के लिए गैस उपलब्ध कराने में भी बड़ी सफलता प्राप्त की है। इस अवसर पर डीजीएम मार्केटिंग विवेक रंजन, डीजीएम एचआरडी विवेक श्रीवास्तव, सीएफओ दीप्तांशु पारीक, मैनेजर आईटी गगनदीप राजोरिया व सीएस रवि अग्रवाल, पीआर प्रभारी राजेन्द्र शर्मा भी मौजूद थे।


