तीसरी मंजिल से गिरा चोर करीब चार घंटे वहीं बेहोश पड़ा रहा, जब होश आया तो उठकर रवाना हो गया
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र में मेन रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान के शोरूम कुन्थु मशीनरी मार्ट (kunthu machinery mart udaipur) में देर रात हुई चोरी की वारदात न सिर्फ पुलिस की रात्री गश्त पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि टीवी केबल ठीक करने के नाम से घूम रहे लड़कों पर भी संदेह खड़ा कर दिया है। चोरी करने वाला आरोपी सीसीटीवी कैमरे के जरिए पहचान लिया गया है।
हिरणमगरी सेक्टर-4 मेन रोड स्थित कुन्थु मशीनरी मार्ट के मालिक अमित जैन ने हिरणमगरी थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। जिसमें उन्होंने बताया है कि सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे तो चोरी करने वाले आरोपी को पहचान लिया गया। चोरी करने वाला आरोपी कुछ दिन पहले उनके शोरूम पर टीवी केबल ठीक करने आया था, जिसका नाम नरेन्द्र सोलंकी है और वह सेक्टर-5 स्थित ललित केबल पर काम करता है। सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात -:
ऐसे हुई वारदात
अमित जैन ने बताया कि उनके शोरूम के तीसरी मंजिल पर गोदाम है, जहां अलग-अलग कंपनियों की टीवी-एलईडी, साउंड सिस्टम, गीजर, ओवन, मिक्सर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा था। रात को बदमाश करीब दो बजे पड़ोस की दीवार के सहारे हमारे शोरूम की तीसरी मंजिल तक चढ़े और खिड़की से गोदाम में घुस गए। बदमाशों से करीब 20 एलईडी टीवी और 5 साउंड सिस्टम चोरी कर तीसरी मंजिल से ही दूसरी तरफ के खाली प्लॉट में फेंके।
चोरी के बाद आरोपी शोरूम के तीसरी मंजिल से वापस उतरने का प्रयास कर रहा था, कि उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया। संदेह जताया जा रहा है कि वारदात में दो आरोपी शामिल थे, दूसरा आरोपी साथी को मरा समझ कर कुछ एलईडी टीवी और साउंड सिस्टम लेकर मौके से फरार हो गया। तीसरी मंजिल से गिरा बदमाश करीब तीन-चार घंटे तक बेहोश पड़ा रहा, सुबह करीब छह बजे उसे होश आया और वह लंगड़ाता हुआ चला गया।

चोर ने पड़ोसी का दरवाजा बाहर से बंद दिया था
अमित जैन ने बताया कि पड़ोस की बिल्डिंग में परिवार रहता है। जाग होने पर पर कोई बाहर नहीं आ जाए, इसके लिए चोर पड़ोसी परिवार के दरवाजे को बाहर से बंद कर गया था। सुबह जब पड़ोसी जागे तो उन्हें दरवाजा बाहर से बंद मिला। इस पर उन्होंने दरवाजा खुलवाया और चोरी का संदेह होने पर हमें सूचना दी। हम शोरूम पहुंचे, तो दूसरी तरफ के खाली प्लॉट में कुछ एलईडी टीवी और साउंड सिस्टम पड़े देखे, इसके बाद गोदाम चेक किया तो काफी सामान गायब था। सीसीटीवी कैमरे चेक करने पर चोरी की वारदात का पता चला।
केबल ठीक करने आया, तब रैकी कर गया
चोरी के आरोप में टीवी केबल वाले की शिनाख्त हुई है। शोरूम मालिक ने कहा कि पिछले दिनों टीवी केबल वाला केबल ठीक करने आया था, तब ही इसने रैकी कर ली होगी। ये लोग रात को केबल ठीक करने के बहाने गाड़ी लेकर घूमते हैं। इस आरोपी का चोरी की वारदात में होना बेहद गंभीर है, क्यों ये केबल ठीक करने के नाम से रोज शहर के घर और दुकानों के अंदर जाते हैं।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


