नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। केंद्र सरकार ने मंगलवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक के दौरान सभी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रसोई गैस की कीमतों में 200 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की है (lpg gas cylinder price)। कैबिनेट ने उज्ज्वला योजना के तहत भी अतिरिक्त सब्सिडी को मंजूरी दी है। इस अनुसार अब प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना पीएमयूवाई के लाभार्थियों के लिए सब्सिडी 400 रूपए प्रति सिलेंडर होगी।
वहीं आम घरेलू महिलाओं को रसोई गैस सिलेंडर अब तक की कीमत से 200 रूपए कम में मिलेगा। एलपीजी सिलेंडर की घटी हुई कीमतें रक्षाबंधन 30 अगस्त से लागू हो जाएंगी।
केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी ने सभी उपभोक्ताओं के लिए घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 200 रुपये की कटौती का फैसला किया है। यह रक्षा बंधन और ओणम के अवसर पर देश की महिलाओं को पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से एक उपहार है। ठाकुर ने कहा 2014 में जब हम पहली बार सत्ता में आए थे, तब केवल 14.5 करोड़ नागरिकों के पास घरेलू एलपीजी कनेक्शन थे। लेकिन आज वह संख्या बढ़कर 33 करोड़ हो गई है, जिसमें 9.6 करोड़ उज्ज्वला योजना के तहत वितरित किए गए हैं।

75 लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन
कैबिनेट ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए ठाकुर ने बताया कि रक्षा बंधन और ओणम के अवसर पर सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत 75 लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसके तहत इन महिलाओं को गैस बर्नर, पहला रसोई गैस सिलेंडर और पाइप मुफ्त में मिलेगा।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


