- उदयपुर के अधिवक्ताओं और शहरवासियों का 42 साल के संघर्ष के सफल होने की उम्मीद
- अगले तीन महीनों में हो सकती है वर्चुअल हाई कोर्ट बैंच की स्थापना
- केंद्रीय विधि मंत्री ने बताया देश में 10 जगह होनी है वर्चुअल हाई कोर्ट बैंच की स्थापना, जिसमे उदयपुर भी है शामिल
उदयपुर (एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर में हाइकोर्ट बैंच (vertual highcourt bench in udaipur) की स्थापना को लेकर चल रहे प्रदर्शन के बीच आज वकीलों के प्रतिनिमण्डल ने केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात की। उन्होंने वकीलों को विश्वास दिलाते हुए बताया कि देश मे 10 वर्चुअल हाई कोर्ट बैंच की स्थापना होनी है। इसके तहत प्रदेश में उदयपुर, कोटा और बीकानेर में वर्चुअल हाई कोर्ट बैंच की स्थापना होगी।
हालांकि वर्चुअल हाई कोर्ट बैंच की स्थापना के विरोध में हाई कोर्ट के वकीलों ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की है। राजस्थान हाई कोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी ने प्रेस नोट जारी करते हुए दावा किया है कि केन्द्रिय विधि एवं कानून मन्त्री अर्जुन राम मेघवाल ने उनसे कहा है कि आगामी सितंबर माह के प्रथम सप्ताह में उनका जोधपुर आना प्रस्तावित है एवं न्यायिक राजधानी – मुख्यपीठ से परामर्श बिना ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया जायेगा।
आधिकारिक रूप से जल्द ही होगी घोषणा
मेवाड़ वागड़ हाई कोर्ट बेंच संघर्ष समिति के महासचिव राम कृपा शर्मा ने बताया कि भारत सरकार के विधि मंत्री से मुलाकात करने हेतु असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया का बहुत बड़ा योगदान रहा। जिनके साथ उदयपुर सांसद अर्जुन राम मीणा के नेतृत्व में पूरा प्रतिनिधि मंडल ने विधि मंत्री से मुलाकात की। उदयपुर में हाईकोर्ट बेंच की वर्चुअल कोर्ट के स्थापना की घोषणा विधि मंत्री द्वारा कर दी गई है। मेवाड़ वागड़ क्षेत्र का प्रत्येक अधिवक्ता व जनता विधि मंत्री महोदय का हार्दिक आभार प्रकट करता है। तथा साथ ही असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने भी विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से टेलीफोन पर वार्ता कर सकारात्मक चर्चा की जिसके लिए महामहिम का हार्दिक आभार।
प्रतिनिधि मंडल में बार एसोसिएशन उदयपुर के अध्यक्ष राकेश मोगरा ने बताया कि विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा है कि इस संबंध में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया से वार्तालाप कर आधिकारिक रूप से जल्द ही घोषणा कर दी जाएगी। क्योंकि उदयपुर की आर्थिक व सामाजिक जन स्थिति को देखते हुए उदयपुर में वर्चुअल हाई कोर्ट बेंच की स्थापना करना जनहित में आवश्यक है।
ऐसे चलेगी वर्चुअल हाई कोर्ट बैंच
अधिकृत रूप से आदेश जारी होने और दस्तावेजी कार्यवाही पूरी होने के बाद उदयपुर कोर्ट परिसर में वर्चुअल सुनवाई के लिए एक रूम तैयार किया जाएगा। हाई कोर्ट का स्टाफ यहां लगाया जाएगा। याचिका कर्ता की ओर जब याचिका लगाई जाएगी तो वे दस्तावेज उदयपुर वर्चुअल हाई कोर्ट बैंच में लगे स्टाफ द्वारा अपलोड की जाएगी। ऑनलाइन दस्तावेज आने के बाद उनकी सुनवाई की तारीख मिलेगीं और तय तारीख पर हाई कोर्ट के जज वर्चुअली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सुनवाई करेंगे। याचिका कर्ता को जोधपुर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।


