केंद्र सरकार ने सभी विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों को चंद्रयान-3 की लैंडिंग का सीधा प्रसारण करने के निर्देश दिए
नई दिल्ली (एआर लाइव न्यूज)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अनुसार चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3) 23 अगस्त बुधवार शाम लगभग 6:04 पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग कर रहा है।
केंद्र सरकार ने सभी विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों से चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की लैंडिंग का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए विशेष सभाएं आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। देश के सभी आईआईटी और आईआईएम जैसे इंस्टिट्यूशन, उच्च शिक्षण संस्थान, सभी केंद्रीय व अन्य विश्वविद्यालयों में शाम 5 बजकर 30 मिनट से 6 बजकर 30 बजे तक छात्रों को चंद्रयान की लाइव लैंडिंग दिखाने की व्यवस्था की गई है।
वैज्ञानिक जांच और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
उच्च शिक्षा सचिव के संजय मूर्ति ने सभी शिक्षा संस्थानों के प्रमुखों को पत्र द्वारा कहा कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग एक यादगार अवसर है। यह हमारे युवाओं के मन में न केवल जिज्ञासा को बढ़ावा देगा बल्कि अन्वेषण के लिए एक जुनून भी जगाएगा। यह वैज्ञानिक जांच और नवाचार के माहौल को बढ़ावा देने में योगदान देगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि दुनिया की निगाहें इस पर टिकी हुई हैं। भारत के चंद्रमा मिशन की अंतिम सीमा के विस्मय और उत्साह को जीना और अनुभव करना एक गौरवपूर्ण क्षण है।
UGC ने विश्वविद्यालयों को दिए निर्देश
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने सभी संस्थान बुधवार को भारत के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की लैंडिंग के लिए विशेष सभाएं आयोजित करने और लाइव स्ट्रीम मोमेंट्स आयोजित करने का निर्देश जारी किया है।
पटना के स्कूलों में भी होगा सीधा प्रसारण
चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग को लेकर बिहार में सभी लोग काफी उत्साह नजर आ रहे हैं। सभी लोग इस घड़ी की प्रतीक्षा कर रहे हैं जब भारत एक नया इतिहास बनाएगा। इसका सीधा प्रसारण राजधानी के स्कूली छात्र-छात्राएं देखेंगे।


