उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर बर्ड फेस्टीवल 2023-24 (udaipur bird festival 2023-24) की तैयारी के लिए आज सोमवार को चेटक सर्किल स्थित वनभवन परिसर में बैठक आयोजित हुई। बर्ड फेस्टिवल की तारीख तय करते हुए इसे 11 जनवरी से 14 जनवरी तक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। वहीं सर्वसहमति से इस वर्ष के उदयपुर बर्ड फेस्टीवल के लोगो के लिए पक्षियों में प्रमुख प्रजाति बिल्ड वल्चर को चुना गया है।
सीसीएफ वाइल्ड लाइफ आरके जैन ने बताया कि बर्ड फेस्टीवल 11 जनवरी से 14 जनवरी 2024 तक होगा। तीन दिनों में बर्ड रेस, नेचर फोटो एग्जिबिशन, नेचर फोटो वर्कशॉप आयोजित होंगी। इसके अलावा बर्ड फेस्टीवल में अधिक से अधिक स्कूल और स्टूडेंट्स की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं प्राचार्यगणों के साथ एक बैठक का शीघ्र आयोजन होगा।
ग्रीन पीपल सोसायटी स्टूडेंट्स को अवेयर करेगी
सेवानिवृत सीसीएफ राहुल भटनागर ने बताया कि बर्ड फेस्टिवल को व्यापक रूप देने के लिए उदयपुर संभाग के विश्वविद्यालयों, स्वयं सेवी संस्थाओं, टूरिज्म सेक्टर की भागीदारी सुनिश्चित की जावेगी। ग्रीन पीपल सोसायटी की टीम सरकारी स्कूलों में जाकर स्टूडेंट्स को बर्ड फेस्टीवल के उद्देश्य के प्रति जागरूक करेगी। बर्ड फेस्टिवल के अवसर पर प्रकाशित की जाने वाली सोविनियर के संपादन का कार्य ग्रीन पीपल सोसायटी करेगी।
स्कूल स्टूडेंट्स को बर्ड वॉचिंग के लिए प्रख्यात तालाब लेकर जाएंगे
इस वर्ष के इवेंट नेचर लिटरेचर फेस्टीवल में देश के विख्यात पक्षी-वन्यजीव विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जायेगा। बर्ड्स के लिए विख्यात तालाबों यथा मेनार किशन करेरी, बडवई आदि के आस-पास के विद्यालयों के बच्चो को भी फिल्ड विजिट कराने का निर्णय लिया गया। फील्ड विजिट दौरान 6 रूट पर प्रकृति प्रेमियों को पक्षी अवलोकन करवाया जायेगा। बैठक में सीसीएफ आरके सिंह, डीएफओ अरुण कुमार, सुमनाराम जाट, शैतान सिंह देवड़ा, यादवेन्द्र सिंह चुण्डावत, सेवानिवृत डीएफओ वीएस राणा, प्रतापसिंह चुण्डावत, फतेह सिंह एवं सभी पक्षी प्रेमीगण आदि उपस्थित रहे।


