प्रतापगढ़/उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। वायुसेना में अग्निपथ स्कीम के तहत भर्ती निकली है और पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। पंजीकरण करवाने की अंतिम तिथि 17 अगस्त है। वायुसेना के कमान अधिकारी विंग कमांडर अभिषेक सिंह ने बताया की भारतीय वायुसेना में अग्निपथ स्कीम के अंतर्गत अग्नीवीरवायु भर्ती 01/2024 के लिए ऑनलाईन पंजीकरण 17 अगस्त 2023 तक जारी रहेगा।
वायु सैनिक चयन केंद्र, जोधपुर से आये एसटीओ बीएल मीणा, युडीसी टीआर भील, सार्जेंट तिलक राज और कॉर्पोरल हेमंत कुमार ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रतापगढ़ और राजकीय जनजातीय क्षेत्रीय आवासीय विद्यालय प्रतापगढ़ के विद्यार्थियों को अग्निवीर वायु भर्ती प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

यह है आवेदन के लिए पात्र
वायुसेना चयन केन्द्र, जोधपुर से आए अधिकारियों ने बताया कि साढ़े 17 से 21 वर्ष आयु वाले अविवाहित पुरुष एवं महिला उम्मीदवार इस भर्ती के लिए पात्र होंगे। 27 जून 2003 से 27 दिसम्बर 2006 तक के बीच जन्मे अविवाहित पुरुष एवं महिला उम्मीदवार इस भर्ती के लिए पात्र होंगे।
भर्ती प्रक्रिया हेतु उम्मीदवारों को 12वीं कक्षा या इसके समकक्ष परीक्षा विज्ञान संकाय में गणित, भौतिक और अंग्रेजी विषय के साथ एवं कला तथा वाणिज्य संकाय में किसी भी विषय के साथ 50 फीसदी अंकों के साथ अंग्रेजी विषय में 50 फीसदी अंक होना जरूरी है या 03 वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा धारक या 02 वर्षीय वोकेशनल कोर्स पास उम्मीदवार भी आवेदन के लिए पात्र है। साथ ही उन्होंने बताया की इच्छुक अविवाहित पुरूष एवं महिला उम्मीदवार भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी भारतीय वायुसेना की आधिकारिक वेबसाइट https://agnipathvayu.cdac.in पर प्राप्त कर सकते हैं।

