उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। इस मानसून के शुरूआती दौर में फतहसागर और पीछोला झील भले ही लबालब हो गए हो, लेकिन जयसमंद झील में अभी भी पानी की आवक का इंतजार बना हुआ है। इस सीजन में जयसमंद में महज 25 सेंटीमीटर पानी आया है जो कि पौन फतहसागर के बराबर है। जयसमंद का जलस्तर अभी 8.38 मीटर के मुकाबले 5.55 मीटर ही हुआ है।
9 नदियों और 99 नालों का पानी समाहित करने की क्षमता वाली जयसमंद झील के कैचमेंट में इस बार उम्मीद अनुरूप बारिश नहीं हुई है। कम बारिश से प्रमुख नदियों से आवक शुरू नहीं हो पायी है। पिछले साल जयसमंद 23 सितंबर को ओवरफ्लो हुआ था।
जयसमंद के भरने का इंतजार इसलिए भी ज्यादा रहता है क्यों कि पूर्ण भराव क्षमता 14650 एमसीएफटी पानी में से 500 एमसीएफटी पानी पेयजल व्यवस्था के लिए आरक्षित किया हुआ है। इससे उदयपुर शहरी क्षेत्र के लोगों के लिए भी पीने के पानी की सप्लाई होती है। शेष पानी से जयसमंद के कमांड एरिया के किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलती है।
पौन फतहसागर भरे उतना पानी ही आया अब तक
इस साल 15 जून को जयसमंद का जलस्तर 8.38 मीटर के मुकाबले 5.30 मीटर था उसके बाद अब तक इसके जलस्तर में 25 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी ही हुई है। आवक नहीं के बराबर होने से अभी तक जयसमंद का जलस्तर 5.55 मीटर ही हो पाया है। सामान्य शब्दों में यह कहा जा सकता है कि इस सीजन में जयसमंद में पौन फतहसागर भरे उतना पानी ही आया है।
यह भी पढ़ें : वीडियो भी देखें फतहसागर का झरना चला..

पर्यटकों की संख्या पर भी असर
जयसमंद झील में वैसे तो पानी मौजूद है, लेकिन इस सीजन में उम्मीद अनुरूप पानी की आवक नहीं होने से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या भी फिलहाल कम नजर आ रही है। जयसमंद की पाल पर बने हाथी के पांव में बनी जंजीर को जब झील का पानी टच कर जाता है तब जयसमंद झील ओवरफ्लो होती है। इस नजारें को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग जयसमंद की पाल पर पहुंचते हैएलेकिन अभी तक वैसी स्थिति नहीं बनी है इस कारण भी यहां पर्यटकों की संख्या कम नजर आ रही है।

उदयपुर जिले में इन तालाबों-बाधों पर चल रही है चादर
जलसंसाधन विभाग के अनुसार वर्तमान में उदयपुर जिले में स्वरूपसागर, साबरमती बांध, मादड़ी बांध, जोगीवड़ बांध, रेठों का नाका, चावंड तालाब, खोड़ाखोज, बुझ का नाका, सोम पिकअप वियर और झाड़ोल तालाब पर चादर चल रही है। फतहसागर और उदयसागर के गेट खुले हुए है। इस सीजन में उदयपुर जिले में अब तक गोगुंदा में सबसे अधिक 631 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


