उदयपुर, (एआर लाइव न्यूज)। मानसून के सक्रिय होने से उदयपुर संभाग में बीती रात कई जगह तेज बारिश हुई। कैचमेंट में हुई तेज बारिश से उदयपुर जिले में देवास प्रोजेक्ट-2 के तहत बना मादड़ी बांध शुक्रवार को छलक गया। इससे मानसी वाकल बांध में आवक शुरू होगी। मानसी वाकल बांध अभी करीब ढ़ाई मीटर खाली है।
जलसंसाधन विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में उदयपुर शहर में 15 मिलीमीटर बारिश हुई। गोगुंदा 70, झाड़ोल 24, खेरवाड़ा 27, मदार 25, ओगणा 36, वल्लभनगर में 16, राजसमंद 56 और चिकलवास में 72 मिमी बारिश हुई। कैचमेंट में तेज बारिश होने से 34 फीट पूर्ण भराव स्तर वाला मादड़ी बांध ओवरफ्लो हो गया है।

फतहसागर का जलस्तर 11 फीट 4 इंच हुआ
मदार नहर से हो रही आवक से फतहसागर का जलस्तर 11 फीट 4 इंच पर पहुंच गया है। सीसारमा नदी से आवक बनी रहने से स्वरूपसागर के दो गेट शुक्रवार को भी खुले रखे गए है और इस पर चादर भी चल रही है। इससे उदयसागर में आवक बनी हुई है। उदयपुर जिले में आकोदड़ा बांध और देवास प्रथम बांध के जलस्तर में भी बढ़ोतरी का क्रम बना हुआ है।
बाघेरी की नाका पर चादर हुई और तेज
राजसमंद जिले में बाघेरी का नाका पर चादर और तेज हो गई है। इस पर 18 इंच की चादर चलने से नंदसमंद में आवक और तेज हो गई है। इधर राजसमंद झील में आवक बनी रहने से इसके जलस्तर में बढ़ोतरी जारी है। नदसमंद बांध और चिकलवास बांध पर भी चादर चलने का क्रम बना हुआ है।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


