उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। बीती रात उदयपुर शहर सहित झीलों के कैचमेंट में भी तेज बारिश हुई। सीसारमा नदी से आवक तेज होने पर स्वरूपसागर पर चादर चल गई है। गुरूवार को इसके दो गेट भी तीन-तीन इंच खोल दिए गए है।
मदार नहर से आवक बनी रहने से 13 फीट पूर्ण भराव स्तर वाला फतहसागर अब करीब 2 फीट और खाली है। उम्मीद है कि हरियाली अमावस के मेले से पहले फतहसागर का झरना भी चल जाएगा। स्वरूपसागर से आवक शुरू होने से गुमानिया नाला होते हुए आयड़ नदी में बहाव तेज हो गया है। इससे उदयसागर में भी आवक शुरू हो गई है। आयड़ में बहाव और तेज होने पर कभी भी उदयसागर के गेट भी खोले जा सकते है। इसका जलस्तर 24 फीट के मुकाबले 19 फीट के करीब है।
बीती रात झाड़ोल में हुई 73 मिलीमीटर बारिश
बीती रात उदयपुर शहर में 33, झाड़ोल 73 मिलीमीटर बारिश हुई। जबकि बड़गांव में 58, नाई 42, ओगणा 56, मदार 31,देवास 37, कोटड़ा 30, कुराबड़ 23, खेरवाड़ा 25, मावली में 26 और राजसमंद जिले के चिकलवास में 64 मिमी बारिश हुई।
मदार छोटा तालाब की चादर हुई तेज
कैचमेंट में बीती रात तेज बारिश होने से अब मदार छोटा तालाब की पूरी पाल पर चादर चलने लगी है। मदार नहर होते हुए फतहसागर में आवक बढ़ गई हैं। अब मदार नहर की क्षमता से अधिक पानी आने पर चिकलवास पिकअपवियर होते हुए बेदला-आयड़ नदी में बहाव तेज हो जाएगा। कैचमेंट में बारिश से आकोदड़ा बांध, मादड़ी बांध के जलस्तर मेें भी बढ़ोतरी हुई है। हालांकि जयसमंद का जलस्तर अभी भी 5.48 मीटर पर स्थिर बना हुआ है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


