महाराष्ट्र (एआर लाइव न्यूज)। राज्य के जिला धुले में मंगलवार को मुंबई-आगरा राजमार्ग (Mumbai-Agra highway) पर बड़ा हादसा हो गया। दोपहर करीब 12 बजे एक कंटेनर ट्रक दो वाहनों को टक्कर मारते हुए मुंबई-आगरा राजमार्ग पर बने होटल में घुस गया। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी के अनुसार कंटेनर ट्रक मध्य प्रदेश से धुले की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे धुले में मुंबई-आगरा राजमार्ग पर शिरपुर तालुका के पलासनेर गांव के समीप ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। जिसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर दो वाहनों को टक्कर मारते हुए वहां बने एक होटल में जा घुसा। होटल में उस वक्त मौजूद लोगों की चीख-पुकार मच गई थी। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। पूरी घटना मौके पर मौजूद सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।


