केंद्रीय मंत्री गडकरी ने हेलीकॉप्टर से दौरा कर कार्य प्रगति देखी
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। शहर में भारी वाहनों का दबाव कम करने के लिए देबारी से काया तक बन रहे सिटी बाईपास का काम इसी साल सितंबर तक पूरा हो जाएगा।
केंद्रीय सड़क,परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को हेलीकॉप्टर से इस रूट का दौरा कर इस प्रोजेक्ट की कार्य प्रगति देखी। अधिकारियों से तकनीकी जानकारी लेने के बाद गडकरी ने कहा कि इस बाईपास का 24 किलोमीटर में से अब तक 19 किलोमीटर लंबाई में काम पूरा हो चुका है। यह निर्माण कार्य सितंबर 2023 तक पूरा कर लिया जाएगा।

शहर को ट्रैफिक दबाव व जाम से निजात मिलेगी
गडकरी ने कहा कि उदयपुर की महत्वपूर्ण परियोजना उदयपुर ग्रीनफील्ड बाईपास का आज मुआयना किया। 900 करोड़ की लागत से बन रहे 24 किमी लंबाई के इस 6 लेन ग्रीनफील्ड बाईपास का काम प्रगति पर है। इस बाईपास के बनने से उदयपुर होते हुए जयपुर-अहमदाबाद हाइवे से गुजरने वाला ट्रैफिक उदयपुर शहर से बाहर होकर निकल जाएगा। इससे शहर को ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी। प्रतापनगर चौराहे पर भी भारी वाहनों का दबाव खत्म हो सकेगा।

प्रतापगढ़ में 5625 करोड़ के प्रोजेक्ट का शिलान्यास-लोकार्पण किया
देबारी से काया सिटी बाईपास का जायजा लेने से पहले नितिन गडकरी ने प्रतापगढ़ जिले में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में 5625 करोड़ के प्रोजेक्ट का शिलान्यास और लोकार्पण किया। राजस्थान में सीआरएफ के तहत 2250 करोड़ की लागत से 74 परियोजनाओं को मंजुरी देने की घोषणा भी की।
इन परियोजनाओं का काम जल्द ही शुरु होगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जयपुर से वीडिया कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इस समारोह से जुड़े और मुख्य रूप से राजस्थान की 50 सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के गजट नोटिफिकेशन शीघ्र जारी करने का आग्रह किया।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


