जयपुर (एआर लाइव न्यूज)। नीट यूजी परीक्षा 2023 का रिजल्ट (NEET Result) बुधवार को घोषित हुआ। इस साल करीब 20 लाख छात्रों में से 11.45 लाख पास हुए हैं। तमिलनाडु के प्रबंजन जे और आंध्र प्रदेश के वोरा वरुण चक्रवर्ती के बीच 720 में से 720 नंबर हासिल कर टाई हो गया। इसके बाद नियमों के अनुसार प्रबंजन जे को टॉपर घोषित किया गया है। वहीं राजस्थान के जयपुर निवासी पार्थ खंडेवाल ने 720 में से 715 नंबर हासिल करके 10वां स्थान प्राप्त किया।
परीक्षा में बैठने वाले कुल छात्रों में से पहले स्थान पर राजस्थान से 68.79 प्रतिशत स्टूडेंट्स काउंसलिंग के लिए सेलेक्ट हुए। वहीं दूसरे स्थान पर करीब दस प्रतिशत का अंतर पर पश्चिम बंगाल से 57.58 प्रतिशत स्टूडेंट्स सेलेक्ट हुए। जबकि यूपी के 56.62 प्रतिशत छात्र सफल रहे।
टॉप 10 में राजस्थान के पार्थ खंडेलवाल
राजस्थान की राजधानी जयपुर के अंबाबाड़ी निवासी पार्थ खंडेलवाल ने 720 में से 715 नंबर हासिल करके टॉप 10 में जगह बनाई। पार्थ खंडेलवाल दिल्ली एम्स से एमबीबीएस कर न्यूरो कॉर्डियोलॉजी में जाना चाहते हैं। पार्थ के पिता सुधीर खंडेलवाल की जयपुर के चार इलाके में ड्राई फ्रूट्स की शॉप है। उनकी मां ऋतु खंडेलवाल ग्रहणी है। वहीं पार्थ की बहन जान्हवी खंडेलवाल भी जयपुर एसएमएस से एमबीबीएस कर रही हैं।
टॉप-100 में जयपुर के 5 स्टूडेंट्स
नीट रिजल्ट में टॉप-100 में जयपुर से पार्थ खंडेलवाल सहित 5 स्टूडेंट्स शामिल हैं। इनमें पुरु खंडेलवाल ने 710 अंकों के साथ आल इंडिया रैंक 58, प्रियांशी गर्ग ने 710 अंकों के साथ आल इंडिया रैंक 66 तथा वैदिका गुप्ता ने 706 अंकों के साथ आल इंडिया रैंक 79 और यश्वी गर्ग ने 705 अंक के साथ आल इंडिया रैंक 128 हासिल की।


