उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। एसीबी टीम द्वारा 12 लाख रूपए रिश्वत के साथ गिरफ्तार किए गए भूमि दलाल लोकेश जैन के मोबाइल से मिली चैटिंग के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आईएएस कुंजीलाल मीणा, आरएएस मनीष गोयल, यूडीएच सहायक अनुभागाधिकारी हरिमोहन मीणा के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर ली है। नगरीय विकास विभाग यूडीएच में कुंजीलाल मीणा प्रिंसीपल सेक्रेटरी और मनीष गोयल संयुक्त शासन सचिव हैं, वहीं लोकेश जैन उदयपुर के मामलों में यूडीएच अधिकारियों के लिए दलाली करता था।
एसीबी से प्राप्त जानकारी के अनुसार परिवादी की रिपोर्ट पर जब एसीबी ने लोकेश जैन को 12 लाख रूपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया तो उसकी तलाशी में उसका मोबाइल भी बरामद किया था। मोबाइल का वाट्सएप चेक किया गया तो लोकेश जैन की यूडीएच संयुक्त शासन सचिव मनीष गोयल, प्रिंसीपल सेक्रेटरी कुंजीलाल मीणा और सहायक अनुभागाधिकारी हरिमोहन मीणा के साथ कई वाट्सएप कॉल और चेटिंग मिली। इस वाट्सएप चेटिंग में एसीबी के परिवादी की जमीन के भूमिरूपांतरण की एनओजी सहित अन्य दस्तावेज आपस में भेजे गए थे।

10 अप्रेल से 2 मई तक लोकेश जैन परिवादी से जितनी बार मिला और हर बार रिश्वत मांगी
एसीबी से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार परिवादी की ढीकलीवाड़ा में 0.9157 हेक्टेयर कृषि भूमि है। परिवादी की भूमि के पास सरकार की 0.1000 हेक्टयर बिलानाम भूमि है। परिवादी ने उसकी 0.9157 हेक्टेयर भूमि का रिसोर्ट हेतु नियमन कराने के लिए सितंबर 2022 को यूआईटी में आवेदन किया था। इसके अलावा परिवादी रिसोर्ट के लिए सरकार की 0.1000 हेक्टेयर बिलानाम भूमि का भी कीमतन आवंटन चाहता था। यूआईटी ने परिवादी की भूमि के रूपांतरण की एनओसी जारी करने के लिए नवंबर 2022 को नगरीय विकास विभाग के संयुक्त शासन सचिव प्रथम को पत्र लिखा था।
परिवादी ने बताया कि एनओजी जारी करवाने के लिए वह नगरीय विकास विभाग जयपुर के कई चक्कर काट चुका था, लेकिन संयुक्त शासन सचिव प्रथम मनीष गोयल एनओजी जारी नहीं कर रहे थे। फिर पता चला कि मनीष गोयल दलाल लोकेश जैन व अन्य दलालों के जरिए रिश्वत लेकर जमीन की एनओसी जारी करने का काम करते हैं।
परिवादी से लोकेश जैन ने संपर्क किया और एनओसी जारी करवाने एवज में 25 लाख रूपए रिश्वत की मांग की और 10 लाख रूपए एडवांस मांगे। परिवादी और लोकेश जैन के बीच 10 अप्रेल 2023 से 2 मई 2023 के बीच हुई मुलाकातों में लोकेश जैन ने परिवादी से कहा कि वह 25 लाख रूपए में एनओसी भी जारी करवा देगा और सरकारी जमीन का कीमतन आवंटन भी करवा देगा।
यह भी पढ़ें : ऐसे पकड़ा गया भूमि दलाल लोकेश जैन
5 मई को वाट्स-एप पर भेजी एनओसी की कॉपी और बोला 12 लाख रूपए ले आना
एसीबी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 मई को दलाल लोकेश जैन ने यूडीएच संयुक्त शासन सचिव मनीष गोयल द्वारा जारी की गयी एनओसी की कॉपी परिवादी को वाट्स-एप पर भेजी थी और 12 लाख रूपए लेकर आने को कहा था। परिवादी ने तीन दिन में रिश्वत में देने के लिए 5 लाख रूपए का इंतजाम ही कर सका था, इस पर एसीबी ने 7 लाख रूपए डमी करेंसी मिलाई। इसके बाद 8 मई को एसीबी ने यूआईटी के बाहर से लोकेश जैन को परिवादी से 12 लाख रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


