भीलवाड़ा के शाहपुरा में 24 घंटे में 75 मिलीमीटर बारिश
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। आम तौर पर अप्रैल-मई में गर्मी का दौर चलता है, लेकिन इस बार गर्मी के सीजन में बादल ऐसे बरस रहे है मानो सावन महीना चल रहा हो। बीती रात प्रदेश में कई जगह तेज बारिश होने से नालों में पानी का बहाव शुरू हो गया। भीलवाड़ा के शाहपुरा में 24 घंटे में सर्वाधिक 75 मिलीमीटर बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार सुबह आठ बजे तक बीते 24 घंटे में राजस्थान के अधिकांश भागों में हल्के से मध्यम बारिश हुई। भीलवाड़ा के शाहपुरा में सबसे अधिक 75 मिलीमीटर, अलवर के नीमराणा में 60 और झूंझुनू के खेतड़ी में 50 और जोधपुर के फलोदी में 35 मिमी बारिश हुई। प्रदेश में कुछ जगह ओले भी गिरे। इनके अलावा भी उदयपुर संभाग सहित प्रदेश में कई स्थानों पर 10 से 30 मिमी बारिश हुई है।

2 मई से बारिश और आंधी की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होगी
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी एक सप्ताह के दौरान आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। 2 मई को प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होने से बारिश और आंधी की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होगी। बेमौसम हो रही बारिश से प्रदेश में कई स्थानों पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी आयी है।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


