रायपुर,(एआर लाइव न्यूज)। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बुधवार को हुए नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में 10 डीआरजी जवान और और एक वाहन चालक शहीद हो गए। (chhattisgarh dantewada naxal attack) हमला दंतेवाड़ा में अरनपुर थाना क्षेत्र में अरनपुर-समेली के बीच हुआ। शहीद हुए सभी जवान जिला रिजर्व गार्ड (DRG) में तैनात थे।
बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने पूरी प्लानिंग के साथ यह हमला किया है। नक्सलियों ने आईईडी जमीन के अंदर बिछाई हुई थी। जवानों के लेकर जा रही गाड़ी का टायर जैसे ही आईईडी पर पड़ा, धमाके के साथ पूरी गाड़ी उड़ गयी। विस्फोट इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। दावा किया जा रहा है कि केन्द्र और छत्तीसगढ़ सरकार की संयुक्त रणनीति से दंतेवाड़ा इलाके में नक्सलियों को लगातार नुकसान पहुंच रहा है, इसी की बौखलाहट में नक्सलियों ने यह हमला किया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि अरनपुर क्षेत्र में माओवादी कैडर की उपस्थिति की सूचना पर नक्सल विरोधी अभियान के लिए पहुंचे डीआरजी बल पर नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट से हमला किया, जिसमें हमारे 10 डीआरजी जवान और एक चालक के शहीद हो गए हैं। हम सब प्रदेशवासी उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। बघेल ने कहा नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई अपने अंतिम चरण में है। नक्सलियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ पुलिस पर हुए हमले की कड़ी निंदा की और बोले- हम हमले में शहीद हुए बहादुर जवानों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं।


