पुंछ,(एआर लाइव न्यूज)। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में गुरूवार को हुए आतंकी हमले में पांच जवानों के शहीद होने के बाद सेना के जवानों ने घटना स्थल के आसपास के क्षेत्र व घने जंगल में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
आंतकियों की तलाशी के लिए पूरे इलाके को सुरक्षा बलो ने घेर रखा है। राजौरी और पुंछ जिलों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और आतंकवादियों का पता लगाने सेना के जवान ड्रोन और खोजी कुत्तों का इस्तेमाल भी कर रहे है।
पुंछ में गुरूवार को हुए आतंकवादी हमले के बाद सेना के वाहन में आग लगने से पांच जवान शहीद हो गए और एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में शहीद हुए जवान राष्ट्रीय राइफल्स इकाई के थे। अंदेशा लगाया जा रहा है कि इस हमले में आतंकियों ने ग्रेनेड का इस्तेमाल किया इस कारण सेना के वाहन में आग लग गई।



