उत्तराखंड (एआर लाइव न्यूज)। राज्य के पौड़ी गढ़वाल में बाघों के आतंक (Tiger terror in Pauri uttarakhand को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। रिखणीखाल तहसील के ग्रामपंचायत मेलधार के डल्ला गांव में बीते दो दिन पहले बाघ के हमले में एक वृद्ध की मौत हो गई थी। जिसके बाद जिला प्रशासन ने रिखणीखाल व धूमाकोट तहसील के दर्जनों गांवों में शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगा दिया है।
इसके अलावा 17 और 18 अप्रैल को इन तहसीलों के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रखने के निर्देश दिए हैं। वन विभाग ने हमलावर बाघ गुलदार को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगा दिया है।

11 घंटे का लगाया कर्फ्यू
पौड़ी डीएम डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि बाघों का झुंड हमलावर हो सकता है। इस वजह से लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के तहसील रिखणीखाल और धुमाकोट के अन्तर्गत दर्जनों गांवों में अग्रिम आदेश तक सायं 7 बजे से लेकर सुबह 6 बजे 11 घंटे का कर्फ्यू लगाया है। डीएम ने रिखणीखाल तहसील, धुमाकोट तहसील के 28 गांवों के लिए एडवाइजरी जारी की है। साथ ही पैनू पट्टी चार में भी कर्फ्यू लगेगा।
प्रभावित गांव के रास्तों में लगाई स्ट्रीट लाइटें
ग्राम पंचायत मेलधार के प्रधान खुशेंद्र सिंह ने बताया कि हालांकि वन विभाग के कर्मी बंदूकों के साथ लगातार गश्त कर रहे हैं। रविवार को आसपास के क्षेत्र में ड्रोन उड़ाया गया, जिसमें पडियारपाणी गांव में भी एक बाघ की मूवमेंट कैमरे में कैद हुई है। जिला प्रशासन ने प्रभावित गांव के रास्तों में प्रकाश की व्यवस्था करने के लिए 10 स्ट्रीट लाइटें दी गई हैं। वहीं स्ट्रीट लाइटों को प्रभावित गांवों तक पहुंचाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
रिखणीखाल व धूमाकोट तहसील के गांवों में बाघों का झुंड कर रहा है विचरण
गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया है कि बाघों का एक झुंड रिखणीखाल के कॉर्बेट नेशनल पार्क से लगे गांवों में विचरण करते देखा गया है। वहीं एक और झुंड धुमाकोट क्षेत्र में सक्रिय देखा जा रहा है। रिखणीखाल क्षेत्र के डल्ला गांव में बाघों की घटना के बाद पिंजरे लगा दिए गए हैं। साथ ही जिला प्रशासन से राप्रावि डल्ला, जुई, दियोढ, गाड़ियोंपुल, मेलधार, रजबो, द्वारी पैनों, छड़ियान, नावे तल्ली, चिलाउ एवं राउप्रावि मेलधार, सिलगांव और राजकीय हाईस्कूल गाड़ियोंपुल, जीआईसी पैनों, राप्रावि कांडा राजकीय हाईस्कूल कांडा, राप्रावि कोटड़ी, राजकीय कन्या हाईस्कूल कोटड़ी को सोमवार को भी बंद रखने की मांग की है।


