धर्म प्रेमियों में रहा धार्मिक उत्साह
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। देवस्थान विभाग की ओर से वैशाख माह की एकादशी पर उदयपुर शहर में निकली देव दर्शन पदयात्रा में भक्तिमय माहौल रहा।
देवस्थान मंत्री शकुंतला रावत भगवान श्री कृष्ण के बाल स्वरूप को गोद में लेकर पदयात्रा पर निकली तो धर्म प्रेमियों का कारवां यात्रा से जुड़ता गया और धीरे धीरे यह यात्रा धार्मिक उत्साह में तब्दील हुई नजर आयी। इस दौरान रावत ने कहा कि हमें संस्कार विरासत में मिलते हैं इन्हें सहेजने की आवश्यकता है। जयपुर के बाद उदयपुर में देव दर्शन यात्रा हो रही है। यह भीड़ जुटाने का नहीं बल्कि संस्कृति के प्रति जागरूकता का कार्यक्रम है और इस पदयात्रा से यही संदेश देना चाहते हैं कि देवस्थान विभाग के मंदिर हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं।

झीलों की नगरी के साथ-साथ मंदिरों की नगरी भी है
झीलों की नगरी को मंदिरों की नगरी बताते हुए रावत ने कहा कि उदयपुरवासी बड़े भाग्यशाली है और शहर में लगभग 10 मीटर की दूरी पर एक मंदिर होना यहां की लोक संस्कृति के परिचायक है। यह झीलों की नगरी के साथ-साथ मंदिरों की नगरी भी है। समापन कार्यक्रम के दौरान नाथद्वारा मंदिर मंडल के कीर्तनकारांे द्वारा विभिन्न रागों में भजनों की प्रस्तुति दी गई।
मंडल के 5 वर्षीय कीर्तनकार रुद्रादित्य ने सुर और ताल के अनूठे संगम के बीच मधुबन में राधिका नाचे रे… की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर वल्लभनगर विधायक प्रीति गजेन्द्रसिंह शक्तावत, राज्यमंत्री जगदीशराज श्रीमाली, कलेक्टर ताराचंद मीणा, देवस्थान आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, एडीएम सिटी प्रभा गौतम, देवस्थान के अतिरिक्त आयुक्त ओपी जैन व सहायक आयुक्त जतिन गांधी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

11 मंदिरों से होकर निकली देवदर्शन पदयात्रा
गुलाब स्वरूप बिहारी जी मंदिर से चांदपोल होते हुए मांझी का मंदिर घाट तक आयोजित इस पदयात्रा में देवस्थान विभाग के राजकीय आत्मनिर्भर एवं राजकीय प्रत्यक्ष प्रभार वाले 11 मंदिरों पर देवदर्शन के साथ विधिवत पूजा अर्चना की गई। देवस्थान मंत्री ने सिटी पैलेस समीप स्थित गुलाब स्वरूप बिहारी जी मंदिर में दर्शन कर पदयात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा जगत शिरोमणिजी मंदिर, जवान रूपेश्वरजी, जगन्नाथराय जी(जगदीश मंदिर),जवान सूरज बिहारीजी मंदिर, प्रताप नारायणजी, धनेश्वरजी, पांच महादेव, भीम परमेश्वरजी, उदयश्यामजी फिरंगी घाट होते हुए मांझी का मंदिर घाट स्थित सरदार स्वरूप श्यामजी मंदिर पहुंचकर आरती के साथ संपन्न हुई।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


