राजस्थान की पहली वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन समारोह, पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान में बुधवार से प्रदेश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (अजमेर से दिल्ली कैंट) की शुरूआत हो गयी (vande bharat express train rajasthan)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हरी झंडी दिखाकर जयपुर से ट्रेन को रवाना किया। यह सेमी हाई स्पीड ट्रेन अजमेर से जयपुर होते हुए दिल्ली के लिए चलेगी।
उद्घाटन समारोह में संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से कहा आप राजनीतिक आपाधापी और अनेक संकटों से गुजर रहे हैं, उसके बावजूद विकास के काम के लिए समय निकाल करके आए, रेलवे कार्यक्रम में हिस्सा लिया, मैं उनका स्वागत भी करता हूं और अभिनंदन भी करता हूं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा “मैं गहलोत जी को कहना भी चाहता हूं कि गहलोत जी आपके तो दोनों हाथ में लड्डू हैं। आपके रेल मंत्री राजस्थान के हैं और रेलवे बोर्ड के चेयरमैन भी राजस्थान के हैं, तो आपके तो दो-दो हाथ में लड्डू हैं। और दूसरा जो काम आजादी के तुरंत बाद होना चाहिए था, वो आपका मुझ पर इतना भरोसा है, कि आपने वो काम भी मेरे सामने रखे हैं। आपका यह विश्वास, यही मेरी मित्रता की अच्छी ताकत है। एक मित्र के नाते आप जो भरोसा रखते हैं, इसके लिए मैं आपका अभारा व्यक्त करता हूं।” पीएम मोदी के संबोधन से पहले कार्यक्रम में मौजूद रहे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की रेल सुविधाओं और जरूरतों की तरफ प्रधानमंत्री मोदी का ध्यान दिलाया।

मेड इन इंडिया सेमी हाईस्पीड ट्रेन है वंदे भारत
इस अवसर पर संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे खुशी है कि वंदे भारत ट्रेन आज विकास, आधुनिकता, आत्मनिर्भरता और स्थिरता का पर्याय बन चुकी है। आज की वंदे भारत की यात्रा हमें कल विकसित भारत की यात्रा की ओर ले जाएगी। पीएम मोदी ने इसके साथ ही कहा कि जब से ये आधुनिक ट्रेनें वंदे भारत शुरू हुई हैं, तब से करीब करीब 60 लाख लोग इन ट्रेनों में सफर कर चुके हैं। तेज रफ़्तार वंदे भारत की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि ये लोगों का समय बचा रही है।
उन्होंने कहा कि वंदे भारत एक सेमी हाई स्पीड ट्रेन है, जो मेड इन इंडिया है। वंदे भारत पहली ऐसी ट्रेन है जो इतनी कंपैक्ट और एफिशिएंट है, वंदे भारत पहली ट्रेन है, जो स्वदेशी सेफ्टी सिस्टम कवच के अनुकूल है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


