उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर के मावली थाना क्षेत्र गांव में 8 साल की मासूम की दुष्कर्म कर हत्या और शव के 10 टुकड़े कर फेंक देने के मामले में भील समाज ने बुधवार को बड़ा प्रदर्शन किया और रैली निकाली। उदयपुर जिले के कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भील समाज के लोग जिला मुख्यालय आए और रैली निकालते हुए चेतक सर्किल पर इकट्ठे हुए। यहां मानव श्रृंखला बनाई, इसके बाद सभी कलेक्ट्री पहुंचे और प्रदर्शन किया।
समस्त भील समाज के लोगों ने इस घटना के प्रति गुस्सा जाहिर करते हुए बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपी युवक को फांसी की सजा दिलवाए जाने की मांग की। जिला प्रशासन को मांग पत्र देते हुए समाज के प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि पुलिस इस मामले में जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल करे और इसे केस ऑफिसर स्कीम में ले। मामले की शीघ्र-अतिशीघ्र पैरवी करवा कर कोर्ट के जरिए आरोपी को फांसी की सजा दिलवायी जाए। इसके अलावा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलवायी जाए।

वकीलों ने आरोपी की पैरवी करने से मना किया
इस वारदात पर गुस्साए वकीलों ने भी आरोपी की पैरवी करने से इनकार कर दिया है। वकीलों ने निर्णय लिया है कि इस केस में कोई भी वकील आरोपी पक्ष की पैरवी के लिए कोर्ट में नहीं खड़ा होगा। उदयपुर बार एसोसिएशन के अनुसार जमानत से लेकर चार्जशीट दाखिल होने के बाद भी आरोपी पक्ष की तरफ से कोई भी वकील पैरवी नहीं करेगा।

यह भी पढ़ें : ऐसी हैवानियत देख चिकित्सक और पुलिस जांच अधिकारी की भी रूह कांप गयी

डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


