जयपुर (एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान की पहली वंदे भारत ट्रेन (Vande Bharat train) का तीन दिवसीय ट्रायल मंगलवार से शुरू हो रहा है। उसके बाद ही इसके संचालन की तारीख अधिकारिक रूप से जारी की जाएगी। अजमेर-जयपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस का सफर अजमेर से शुरू होकर दिल्ली में समाप्त होगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ट्रायल तीन दिनों तक अलग अलग समय पर किया जाएगा। ट्रायल पूरी होने के बाद इसकी रिपोर्ट आला अधिकारियों को भेजी जाएगी। रिपोर्ट की स्टडी के बाद ही अधिकारिक रूप से इसका संचालन शुरू किया जायेगा। साथ ही इसकी तारीख, स्टॉपेज, किराया, खाने का मेन्यू भी तय किए जाएंगे। उम्मीद है कि अप्रैल के पहले सप्ताह से यात्रियों को वंदे भारत ट्रेन की सुविधा मिल सकेगी।
मेट्रो ट्रेन की तरह लगे हैं स्वचालित दरवाजे
वंदे भारत एक्सप्रेस पूरी तरह से एयर कंडीशन हैं। इसमें मेट्रो ट्रेन की तरह स्वचालित दरवाजे लगे हैं, जो स्टेशन आने के बाद दरवाजे स्वत: ही खुलेंगे और बंद होंगे। दरवाजा खुलने और बंद होने से पहले यात्रियों को बीप की ध्वनि सुनाई देगी। सीट के पास ही कुलिंग कंट्रोल करने के लिए बटन लगे हैं। इसके अलावा इमरजेंसी नंबर और जरूरी इंफॉर्मेशन कोच के अंदर लगे स्क्रीन पर डिस्प्ले होता रहेगा।

वंदे भारत ट्रेन के बाद जयपुर से दिल्ली का सफर मात्र 4 घंटा बीस मिनट में तय होगा। ट्रेन का ट्रायल तीन दिन 28, 29 और 30 मार्च को अजमेर-जयपुर-दिल्ली के बीच होगा।
ये रहेगा ट्रेन ट्रायल का रुट :-
28 तारीख को अजमेर जंक्शन से ट्रेन रात 8 बजे रवाना होगी, 9:45 पर जयपुर जंक्शन पर पहुंचेगी, जहाँ ट्रेन 5 मिनट तक रुकेगी, उसके बाद 9:50 पर ट्रेन जयपुर से रवाना होगी। रात 12:40 पर ट्रेन अलवर पहुंचेगी और रात 2:05 पर नई दिल्ली स्टेशन पर पहुंचेगी। 29 को रात 2:55 पर ट्रेन नई दिल्ली स्टेशन से रवाना होकर सुबह 4:20 पर रेवाड़ी जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 7 बजे जयपुर और 9 बजे अजमेर जंक्शन पर पहुंचेगी।
29 को शाम 4:50 पर ट्रेन अजमेर से रवाना होकर शाम 6:35 पर जयपुर जंक्शन पर पहुंचेगी। रात 8:20 पर अलवर जंक्शन और 10:55 पर नई दिल्ली स्टेशन पर पहुंचेगी। 30 को ट्रेन रात 12:20 पर नई दिल्ली स्टेशन से रवाना होकर 1:45 पर रेवाड़ी पहुंचेगी, 2:35 पर अलवर, सुबह 4:35 पर जयपुर और 6:25 पर अजमेर जंक्शन पर पहुंचेगी।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


