उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर सहित प्रदेश में कई जगह बुधवार को भी तेज हवा और हल्की बारिश का क्रम बना रहा। इस बारिश से गर्मी का असर काफी कम हुआ है।
शहर में सुबह से ही बादल छाए रहे। दोपहर बाद तेज हवाओं का दौर चला और हल्की बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में हल्की, मध्यम बारिश का दौर बना हुआ है। गुरूवार से इस सिस्टम का असर राज्य के अधिकांश भागों में समाप्त होगा। अगले चार दिनों में मौसम शुष्क रहने के साथ ही अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

जैसलमेर के फतहगढ़ में 24 घंटे में 26 मिलीमीटर बारिश
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में जैसलमेर के फतहगढ़ में सबसे अधिक 26 मिलीमीटर बारिश हुई। अजमेर के सरवर,बाड़मेर के सिंधरी में 7, डूंगरपुर 9, जैसलमेर में 6 मिमी बारिश हुई। इनके अलावा अजमेर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, चुरू, जयपुर, जालोर, जोधपुर, सवाई माधोपुर व सीकर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई।

राज्य में 13-14 मार्च को थंडरस्टॉर्म की गतिविधियां फिर से शुरू हो सकती
होली और धुलंडी के दिन भी इस बार कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रहा। हालांकि बारिश के बावजूद होली और धुलंडी पर्व को लेकर लोगों के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आयी। मौसम विभाग के अनुसार 13-14 मार्च को राज्य में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से थंडरस्टॉर्म की गतिविधियां फिर से शुरू हो सकती है।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


